हरियाणा में कोण सा बीजेपी वाला कहाँ फहराएगा भारत का तिरंगा

BJP सरकार की ओर से 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले जिला और उपमंडल स्तरीय समारोहों के लिए ध्वजारोहण करने वाले अतिथियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है।
चंडीगढ़/12 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
हरियाणा में इस बार स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व बेहद धूमधाम और देशभक्ति के माहौल में मनाने की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। राज्य सरकार की ओर से 15 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले जिला और उपमंडल स्तरीय समारोहों के लिए ध्वजारोहण करने वाले अतिथियों की आधिकारिक सूची जारी कर दी गई है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी के कार्यालय से जारी आदेशों के अनुसार, राज्य के सभी प्रमुख जिलों में मंत्री, सांसद, विधायक और वरिष्ठ अधिकारी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे।
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य राज्यस्तरीय कार्यक्रमों की बात करें तो हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 15 अगस्त को हांसी में तिरंगा फहराएंगे। वहीं, राज्य के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष यमुनानगर में आयोजित मुख्य जिला स्तरीय समारोह की अध्यक्षता करेंगे और राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगे। शाम के समय चंडीगढ़ स्थित हरियाणा लोक भवन में पारंपरिक 'एट होम' (At Home) कार्यक्रम का आयोजन भी किया जाएगा।
मंत्रिमंडल और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों के तहत कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिलों का प्रभार सौंपा गया है। राज्य के कैबिनेट मंत्रियों में ऊर्जा मंत्री अनिल विज अंबाला में, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल फफरीदाबाद में, और विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार पानीपत में ध्वजारोहण करेंगे। इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण कुरुक्षेत्र में और विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा गुरुग्राम में तिरंगा फहराएंगे।
संसदीय प्रतिनिधियों और अन्य मंत्रियों को भी जिलों की कमान सौंपी गई है। हिसार में उद्योगपति व सांसद नवीन जिंदल, जींद में सांसद संजय भाटिया और चरखी दादरी में सांसद रेखा शर्मा ध्वजारोहण समारोह की अगुवाई करेंगे। वहीं भिवानी जिले में सांसद सुभाष बराला को राष्ट्रीय ध्वज फहराने का दायित्व दिया गया है।
मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों की बात करें तो पंचकूला में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, रेवाड़ी में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेश नागर और रोहतक में सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। वहीं सिरसा जिले में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और सोनीपत में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी लेंगे।
इसके अतिरिक्त, झज्जर जिले में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, कैथल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार और करनाल में लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ध्वजारोहण करेंगे। महेंद्रगढ़ में सांसद धरमबीर सिंह, नूंह में सांसद कार्तिकेय शर्मा और पलवल में युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार सभी जिलों में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम 15 अगस्त की सुबह ठीक 9:00 बजे शुरू होंगे। जिला मुख्यालयों के अलावा उपमंडल (सब-डिवीजन) स्तर पर भी स्थानीय विधायकों, अध्यक्षों और उपमंडल अधिकारियों (SDM) द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई तय मुख्य अतिथि किसी कारणवश नहीं पहुंच पाता है, तो वहां के संबंधित उपायुक्त या एसडीएम ही तिरंगा फहराएंगे।