महिला कांग्रेस स्थापना दिवस पर हरियाणा की अनगिनत बेटियों को एक साल के लिए अपनाएगी पार्टी, पर्ल चौधरी का ऐलान

महिला कांग्रेस स्थापना दिवस पर हरियाणा की अनगिनत बेटियों को एक साल के लिए अपनाएगी पार्टी, पर्ल चौधरी का ऐलान

अनगिनत बेटियों को एक साल के लिए अपनाएगी महिला कांग्रेस-पर्ल चौधरी

महिला कांग्रेस का स्थापना दिवस हरियाणा की बेटियों को समर्पित होगा

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस का देश में अपनी तरह का सबसे बड़ा अभियान

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

प्रदेश की अनगिनत बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा हुआ मुद्दा

महिला सशक्तिकरण सिर्फ नारे से नहीं, बेटियों के स्वास्थ्य और सम्मान से होगा

हरियाणा प्रदेश के सभी जिला में बेटियों को उपलब्ध करवाए जाएंगे सैनिटरी पैड

फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम/ 12 सितम्बर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस आगामी 15 सितंबर को अपना स्थापना दिवस मनाने जा रही है। यह स्थापना दिवस प्रदेश की बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और अधिकारों को समर्पित होगा। महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने प्रदेश की वरिष्ठ महिला नेत्रियों और कार्यकारिणी सदस्यों के साथ जूम बैठक करके इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तय की है। यह अभियान हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस का देश में अपनी तरह का सबसे बड़ा अभियान बताया गया है, जो सीधे तौर पर प्रदेश की अनगिनत बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा हुआ है।

युवतियों को मिलेंगे सैनिटरी पैड
पर्ल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा के सभी 23 जिलों के विभिन्न शहरों में युवा बेटियों के बीच प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत सैनिटरी पैड वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य संबंधी संवाद भी आयोजित किए जाएंगे। पर्ल चौधरी ने साफ किया कि महिला कांग्रेस का लक्ष्य केवल एक दिन सैनिटरी पैड बांटना बिल्कुल नहीं है। इस अभियान के तहत हजारों जरूरतमंद बेटियों को अगले एक वर्ष के लिए एडॉप्ट करने की पहल की जाएगी, ताकि उन सभी बेटियों को नियमित रूप से सैनिटरी हाइजीन संबंधी आवश्यक सहायता लगातार मिलती रहे।

संगठन सृजन अभियान पर चर्चा
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। पर्ल चौधरी ने सभी कार्यकारिणी सदस्यों से अपील की कि वे संगठन सृजन अभियान के लिए नियुक्त किए गए सभी पर्यवेक्षकों का पूरा सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सभी सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ी हुई कर्मठ और सक्रिय महिलाओं को संगठन के साथ जोड़ें। पर्ल चौधरी ने जोर देकर कहा कि महिला कांग्रेस अब अपने संगठन को केवल कुछ चुनिंदा पदाधिकारियों तक ही सीमित नहीं रखेगी। संगठन को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा और महिलाओं की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करते हुए नया नेतृत्व तैयार किया जाएगा।

सोनिया गांधी की AI तस्वीर पर कड़ा विरोध
बैठक के अंत में महिला कांग्रेस की सभी वरिष्ठ नेत्रियों और कार्यकारिणी सदस्यों ने मिलकर एक बड़ा कदम उठाया। उन्होंने श्रीमती सोनिया गांधी की AI-जेनरेटेड तस्वीर को लेकर भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल्स पर प्रसारित की गई सामग्री की कड़े शब्दों में निंदा की। इस संबंध में एक निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया। पर्ल चौधरी ने कहा कि भाजपा हमेशा नारी शक्ति की बात करती है, लेकिन सोशल मीडिया पर देश की वरिष्ठम महिला नेत्री और दो-दो बार प्रधानमंत्री का पद त्याग करने वाली सोनिया गांधी को लेकर इस प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना उनकी महिला विरोधी सोच को पूरी तरह से उजागर करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सम्मान कभी भी नारेबाजी और बड़े-बड़े भाषणों से साबित नहीं होता, बल्कि इसके लिए सही आचरण होना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि देश बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में बनाए गए संविधान के नियमों से चलेगा, न कि भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर महिलाओं के प्रति फैलाए जा रहे नफरत और अपमान के नैरेटिव से। पर्ल चौधरी ने विश्वास जताया कि देश की शिक्षित, जागरूक और संघर्षशील महिलाएं भाजपा की ऐसी महिला-विरोधी सोच को लोकतांत्रिक तरीके से पूरी तरह परास्त करेंगी।

लिंगानुपात और महिला सशक्तिकरण पर सवाल
पर्ल चौधरी ने मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल नारेबाजी करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों के दौरान महिलाओं के नाम पर बड़े-बड़े अभियान और नारे तो खूब दिए गए, लेकिन जमीन पर स्थिति बिल्कुल अलग है। उन्होंने याद दिलाया कि हरियाणा के पानीपत से ही बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की गई थी। लेकिन इतने बड़े और व्यापक प्रचार अभियान के बावजूद आज भी हरियाणा का गिरता हुआ लिंगानुपात देश सहित पूरी मानव जाति के लिए चिंता का बड़ा विषय बना हुआ है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर इतने वर्षों के नारों के बाद भी आज तक बेटियों की स्थिति में कोई अपेक्षित बदलाव क्यों नहीं आ सका है। इस मामले में पर्ल चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से तुरंत एक श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वास्तविक महिला सशक्तिकरण का सीधा मतलब बेटियों को एक सुरक्षित माहौल देना, बेहतर स्वास्थ्य देना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना, रोजगार के नए अवसर देना, आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व देना है। पर्ल चौधरी ने अंत में कहा कि हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस इन तमाम जन-सरोकार के मुद्दों को लेकर लगातार जमीन पर कड़ा संघर्ष करती रहेगी और आगामी 15 सितंबर का यह स्थापना दिवस इसी दिशा में एक बेहद महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

Share:

Comments

Leave a comment