हिसार : सावन में तरसे, अब भादो में बारिश के आसार, तीन के बाद मानसून होगा सक्रिय

हिसार : सावन में तरसे, अब भादो में बारिश के आसार, तीन के बाद मानसून होगा सक्रिय

हरियाणा में सावन माह के दौरान अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। सावन में मानसून की बेरुखी देखने को मिली थी। अब भादव माह में मौसम बदलने जा रहा है। आने वाले दिनों में राज्य में झमाझम बारिश होने के पूरे आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार 31 अगस्त से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कुछ बढ़ सकती हैं। तीन सितंबर के बाद मानसून के और अधिक सक्रिय होने की पूरी संभावना है।

मौसम प्रणालियों का प्रभाव और बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के मुताबिक मानसून टर्फ की अक्षीय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद, हरदोई, सुल्तानपुर, डालटागंज और पूर्णिया से गुजरती हुई उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके अलावा पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने रविवार को इस बारे में जानकारी दी है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

31 अगस्त से दो सितंबर तक मौसम में बदलाव

डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 31 अगस्त की रात से लेकर दो सितंबर तक प्रदेश का मौसम परिवर्तनशील रहेगा। इस दौरान बीच-बीच में बादलवाही होने की पूरी संभावना है। पश्चिमी जिलों में कुछ स्थानों पर हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही उत्तरी और दक्षिणी जिलों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने के आसार बताए गए हैं।

तीन सितंबर के बाद बढ़ेगी मानसून की सक्रियता

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार तीन सितंबर के बाद मानसून की सक्रियता में बढ़ोतरी हो सकती है। इससे पूरे प्रदेश में बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है। भादव के शुरुआती दिनों में राज्य के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। इस बारिश के होने से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही खेती से जुड़े किसानों को भी इसका बहुत फायदा मिल सकता है।

तापमान में बदलाव और गर्मी से राहत

मौसम में इस बदलाव के चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में लोगों को दिन के समय गर्मी से कुछ राहत जरूर मिलेगी। लेकिन रात के समय उमस का असर अभी भी वैसा ही बना रह सकता है। सावन के महीने में बारिश की कमी ने सबको निराश किया था। अब भादव में मानसून के मेहरबान होने की उम्मीद ने किसानों और आम जनता को नई राहत दी है। फिलहाल बारिश छिटपुट रहने का अनुमान जताया गया है। लेकिन 3 सितंबर के बाद मानसून के सक्रिय होने पर प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।

Share:

Comments

Leave a comment