एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल गुरुग्राम में धोखाधड़ी: सेक्टर-9बी स्कूल पर बढ़ता विवाद

Atal Hind18 February 20263 min read1 viewsगुरुग्राम
एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल गुरुग्राम में धोखाधड़ी: सेक्टर-9बी स्कूल पर बढ़ता विवाद
एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-9बी, गुरुग्राम के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला
सीबीएसई की फर्जी मान्यता दिखा छात्राओं का भविष्य दांव पर लगाने का आरोप
स्कूल सीबीएसई से न तो संबद्ध है और न ही मान्यता प्राप्त, रजिस्ट्रेशन नंबर भी गलत
स्कूल के इस कृत्य से छात्रा का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित, भविष्य के साथ खिलवाड़
गुरुग्राम 18 फरवरी ।फतह सिंह उजाला
एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल(Educrust International School), सेक्टर-9B, गुरुग्राम के प्रबन्धन व स्टॉफ द्वारा सीबीएसई (CBSE) की फर्जी मान्यता दिखाकर धोखाधड़ी करने व छात्राओं का भविष्य दांव पर लगाने के सम्बन्ध में स्कूल प्रबन्धन व स्टॉफ के विरुद्ध पुलिस थाना सेक्टर-9A, गुरुग्राम में धोखाधड़ी, कूटरचना एवं आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 316(2) व 3(5) के तहत अभियोग अंकित किया गया है।
जिला पुलिस पर वक्त की जानकारी देते हुए बताया बुधवार  को पुलिस थाना सेक्टर-9ए, गुरुग्राम की पुलिस टीम को एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें शिकायतकर्ता द्वारा आरोप लगाया गया है कि इसकी बेटी एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल सेक्टर-9B, गुरुग्राम में कक्षा 10वीं की छात्रा है, जिसके साथ स्कूल प्रबंधन द्वारा गंभीर धोखाधड़ी की गई है। शिकायत के अनुसार स्कूल प्रबन्धन पर निम्नलिखित आरोप लगाए गए है।
स्कूल प्रबंधन द्वारा प्रवेश के समय यह दावा किया गया कि विद्यालय सीबीएसई से मान्यता प्राप्त है तथा वैध मान्यता प्रमाण-पत्र एवं संबद्धता नंबर प्रदर्शित किया गया। छात्रा से ट्यूशन फीस, बिल्डिंग फंड, परीक्षा शुल्क, कंप्यूटर शुल्क आदि विभिन्न मदों में नियमित रूप से शुल्क लिया गया। बोर्ड परीक्षा (कक्षा 10) के समय छात्रा को एडमिट कार्ड उपलब्ध नहीं कराया गया। बाद में जांच करने पर शिकायतकर्ता को ज्ञात हुआ कि स्कूल सीबीएसई से न तो संबद्ध है और न ही मान्यता प्राप्त है तथा जो रजिस्ट्रेशन नंबर बताया गया वह भी गलत है। स्कूल के इस कृत्य से छात्रा का एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हुआ तथा उसके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया।
शिकायत में निम्न व्यक्तियों को नामजद आरोपी
विनय कटारिया (चेयरमैन), रिद्धिमा कटारिया (प्रिंसिपल),सिमर बत्रा (वाइस प्रिंसिपल), सोनिया (कोऑर्डिनेटर), अन्य संबंधित स्टाफ सदस्य, एडुक्रस्ट इंटरनेशनल स्कूल। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा अभियोग अंकित कर लिया गया है और पुलिस टीम द्वारा संबंधित दस्तावेजों, मान्यता रिकॉर्ड एवं वित्तीय लेन-देन सहित अभियोग से सम्बन्धित सभी तथ्यों को मध्यनजर रखकर जांच की जा रही है साथ ही संबंधित शिक्षा विभाग एवं बोर्ड अधिकारियों से भी जानकारी प्राप्त की जाएगी, जिनके  आधार पर आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार व प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
मान्यता की आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें
गुरुग्राम पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान में प्रवेश से पूर्व उसकी मान्यता एवं संबद्धता की आधिकारिक पुष्टि अवश्य करें। यदि किसी प्रकार की शंका या शिकायत हो तो तत्काल संबंधित थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क करें। गुरुग्राम पुलिस बच्चों के भविष्य से जुड़े मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेती है और आरोपियों को कानून के अनुसार दंडित कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment