हरियाणा पुलिस बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन और CEIR पोर्टल से मोबाइल बरामदगी पर विशेष बैठक

हरियाणा पुलिस बास्केटबॉल प्रतियोगिता का समापन और CEIR पोर्टल से मोबाइल बरामदगी पर विशेष बैठक

हरियाणा पुलिस द्वारा आयोजित बास्केटबॉल प्रतियोगिता का पुलिस अकादमी मधुबन में भव्य एवं गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में अशोक कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, करनाल मंडल करनाल ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अशोक कुमार, पुलिस महानिरीक्षक, ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल पुलिस कर्मचारियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवनशैली का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। पुलिस महानिरीक्षक, ने कहा कि हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, लेकिन खेल भावना, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास ही खिलाड़ी की वास्तविक पहचान है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से खेल के मैदान में अर्जित टीम भावना और अनुशासन को अपने पुलिस कर्तव्यों में भी लागू करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रतिभा, उत्साह और खेल भावना का प्रदर्शन किया। आईजी अशोक कुमार ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। समापन समारोह के दौरान पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।

CEIR पोर्टल से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी

गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायत एवं उन्हें ट्रेस तथा ब्लॉक कराने की प्रक्रिया को आमजन के लिए और अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने के लिए करनाल रेंज पुलिस द्वारा विशेष पहल की जा रही है। अब मोबाइल गुम होने पर नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने नजदीकी पुलिस थाने में जाकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जहां CEIR यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसी संबंध में आईजी कार्यालय करनाल रेंज में करनाल रेंज के सभी थानों के ऑपरेटरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में CEIR प्रणाली के माध्यम से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ब्लॉक करने, ट्रेस करने तथा उनके संबंध में की जाने वाली आवश्यक कार्रवाई के बारे में ऑपरेटरों को विस्तार से जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में ऑपरेटरों को निर्देशित किया गया कि मोबाइल गुम होने की शिकायत प्राप्त होने पर नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं तथा CEIR के माध्यम से नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।

आईजी करनाल रेंज अशोक कुमार के निर्देश और आमजन से अपील

आईजी करनाल रेंज अशोक कुमार ने कहा कि तकनीकी बदलाव को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यालय कर्मचारियों को AI कोर्स करवाने वाली पहली रेंज करनाल रेंज बनी है। पुलिस का उद्देश्य तकनीक का अधिकतम उपयोग करते हुए आमजन को पुलिस सेवाएं सरल, सुगम और त्वरित रूप से उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में नागरिक घबराएं नहीं और तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाएं। पुलिस द्वारा CEIR प्रणाली के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक एवं ट्रेस करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि वे अपने मोबाइल फोन का IMEI नंबर सुरक्षित रखें और मोबाइल गुम अथवा चोरी होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाएं। शिकायतकर्ता साथ ही अपना एक अल्टरनेट कांटेक्ट मोबाइल नंबर भी दर्ज करवाए ताकि चोरी व गुम हुए मोबाइल मिलने पर उनसे संपर्क किया जा सके।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel
Share:

Comments

Leave a comment