हरियाणा में 15 सितंबर से निजी अस्पतालों में बंद होंगी आयुष्मान योजना की सेवाएं, आईएमए ने किया बड़ा ऐलान

हरियाणा में 15 सितंबर से निजी अस्पतालों में बंद होंगी आयुष्मान योजना की सेवाएं, आईएमए ने किया बड़ा ऐलान

सिरसा के निजी अस्पतालों में 15 सितंबर से बंद होंगी आयुष्मान की सेवाएं

सतीश बंसल /सिरसा /29 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

सिरसा में आईएमए से जुड़े चिकित्सकों की एक मीटिंग निजी प्रतिष्ठान पर आयोजित की गई। इस मीटिंग की अध्यक्षता आईएमए के जिला प्रधान डा. सौरव वालिया ने की। डा. वालिया ने बताया कि हरियाणा स्टेट लेवल मीटिंग में यह फैसला लिया गया है कि राज्य सरकार द्वारा आयुष्मान के तहत राशि उपलब्ध न करवाने के विरोध में 15 सितंबर से पूरे हरियाणा में मजबूरन आयुष्मान सेवाएं बंद की जाएंगी।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

लंबे समय से लंबित है भुगतान

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा लम्बे समय से भुगतान लंबित है। जिसके बारे में बार-बार सरकार द्वारा लिखित आश्वासन देने के बावजूद पेमेंट जारी नहीं की जा रही है। पेमेंट नहीं किए जाने से आयुष्मान के तहत कार्य कर रहे अस्पताल भयंकर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। अस्पताल प्रबंधकों को स्टाफ, डॉक्टर, मेडिकल, बेहोशी, बच्चों के डॉक्टर व ऊपर के बिजली का भुगतान अपने पैसों से मौके पर ही करना पड़ रहा है।

चार साल पुराने रेटों पर हो रहा है काम

इसके अतिरिक्त दूसरा महत्वपूर्ण गंभीर मुद्दा यह भी है कि अस्पताल चार साल पुराने रेटों पर काम कर रहे हैं। जिससे अस्पताल के खर्च भी पूरे नहीं होते हैं। इन सब के मद्देनजर मजबूर होकर पूरे राज्य में 1 सितंबर को टोकन स्ट्राइक रखी जाएगी। किसी भी तरह का आयुष्मान का काम नहीं किया जायेगा।

इस पर भी यदि सरकार कोई भी कार्यवाही नहीं करती है तो 15 सितम्बर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। आईएमए हरियाणा ने आयुष्मान कार्ड धारक को इससे होने वाली कठिनाई के लिए खेद व्यक्त किया है। इस मौके पर डा. नरेश पेडीवाल, डॉ. आशीष खुराना, डा. अंजनी अग्रवाल, डा. वीवी गोयल सहित अन्य चिकित्सक उपस्थित थे।

Share:

Comments

Leave a comment