तोशाम में हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की बैठक, प्रदेश में प्राइवेट स्कूलों की स्थिति हो रही है नाजुक

तोशाम में हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक तोशाम स्थित पीएस नवयुग वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुई। इस बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू, प्रदेश सचिव प्रदीप पूनिया और कुलदीप यादव ने मुख्य रूप से शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान तोशाम यूनियन की तरफ से प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू और प्रदीप पूनियां को संरक्षक डॉक्टर नरेश जांगड़ा द्वारा सम्मानित किया गया।
स्कूल संचालकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा
बैठक के दौरान स्कूल संचालकों को आ रही विभिन्न परेशानियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एनसीआर में बसों का संचालन 10 वर्ष के लिए होता है। जबकि स्कूल बस हर रोज 30 से 40 किलोमीटर चलती है। संघ की मांग है कि बसों का संचालन 20 वर्ष तक होना चाहिए। इसके अलावा आरटीई, 134ए व चिराग योजना का पैसा अभी तक स्कूलों को नहीं मिला है। यह पैसा सरकार से मिलकर जल्द ही स्कूलों को दिलवाया जाएगा। बैठक में अस्थाई स्कूलों की मान्यता का मुद्दा और स्कूल समितियों के रिन्यू का मुद्दा भी मुख्य रूप से छाया रहा।
प्राइवेट स्कूलों की स्थिति दिन प्रतिदिन हो रही है नाजुक
हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन में सबसे बड़ी ताकत होती है। स्कूल चलाना एक संघर्ष का कार्य है और संघर्ष करवाने वालों की हमेशा जीत होती है। प्रदेश अध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि प्रदेश में प्राइवेट स्कूलों की स्थिति दिन प्रतिदिन नाजुक हो रही है। कई बार सरकार की वादा खिलाफी की वजह से स्कूल संचालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जिसकी वजह से कई स्कूल बंद होने की कगार पर पहुंच चुके हैं। लेकिन संगठन सरकार के सामने हर मुद्दे को गंभीरता से उठाएगा और निजी स्कूल संचालकों के हितों की अनदेखी नहीं होने देगा। इस बैठक में डॉक्टर नरेश जांगड़ा, शमशेर सिंह, बीरसिंह सांगवान, प्रदीप सिंह, सुरेंद्र जांगड़ा, विकास मिरान, दिनेश गोदारा, डॉक्टर बीरसिंह और अभिषेक पिलानियां आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।