हरियाणा सरकार का बड़ा फैसला: एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों के बाहर बनेंगे रिंग रोड और बाईपास

हरियाणा सरकार ने आमजन के लिए बेहतर आवागमन सुनिश्चित करने के लिए एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले शहरों एवं कस्बों के बाहर रिंग रोड एवं नेशनल हाईवे बनाने के कार्य को मंजूरी प्रदान कर दी है। यह निर्णय फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन को लेकर हुई बैठक में लिया गया है। चंडीगढ़ में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की। यह बैठक शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग से शहरी क्षेत्र में भीड़भाड़ कम करने के लिए मास्टर प्लान के तहत आयोजित की गई थी। बैठक में एडॉप्शन ऑफ फाइनेंशियल मॉडल फॉर स्टेट कंट्रीब्यूशन पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मास्टर प्लान और नई पॉलिसी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मास्टर प्लान के तहत बाह्य रिंग रोड एवं नेशनल हाईवे बनाने के लिए केंद्र सरकार के अनुसार पॉलिसी तैयार की जाए। इस पॉलिसी का उद्देश्य शहरों एवं कस्بों में ट्रैफिक के दबाव को कम करना है ताकि सड़कों के निर्माण कार्य को अमलीजामा पहनाया जा सके। बैठक के दौरान केंद्र सरकार के लागत शेयर के लिए वित्त विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा शहरी स्थानीय निकाय के अधिकारियों की एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
इन शहरों में बाईपास निर्माण को मिली स्वीकृति
मुख्यमंत्री ने बैठक में हिसार बाईपास, कुरुक्षेत्र बाईपास, नारनौल सिटी बाईपास, जींद बाईपास तथा सोहना पलवल बाईपास के निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान की है। हिसार बाईपास, हिसार-राजगढ़ रोड एनएच 52 से हिसार दिल्ली रोड तथा हिसार कैथल रोड से जोड़ने का कार्य करेगा। इसी प्रकार कुरुक्षेत्र लाडवा बाईपास की भी डीपीआर तैयार कर ली गई है। जल्द ही इस परियोजना पर भी कार्य आरंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि नारनौल सिटी बाईपास का भी निर्माण किया जाएगा। लगभग 11 किलोमीटर लंबे इस बाईपास को स्टेट हाईवे एनएच 148 बी से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा जींद के दूसरी तरफ बाह्य रिंग रोड एवं बाईपास एनएच 352 चार मार्गीय सड़क का निर्माण किया जाएगा। एनएच 919 से पलवल सोहना बाईपास का भी जीर्णोद्धार एवं री-डिजाइन कर निर्माण किया जाएगा। यह चार मार्गीय सड़क मार्ग लगभग 24 किलोमीटर लंबाई का होगा। इन परियोजनाओं पर लगभग 9700 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
अन्य सड़क और रेल परियोजनाओं को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएनडी-फरीदाबाद-बल्लभगढ़ बाईपास केएमपी लिंक से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए भी तैयार किया जाएगा। इसके अलावा करनाल रिंग रोड के लिए भी भूमि शेयर जमा करवा दिया गया है। अंबाला शहर एवं अंबाला कैंट से जोड़ने के लिए रिंग रोड का कार्य भी निर्माणाधीन है। इसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में रेवाड़ी भटिंडा रेलवे लाइन पर सिरसा में सिविल स्टेशन रोड पर रेलवे अंडर ब्रिज निर्माण तथा कनीना महेंद्रगढ़ रोड से अनावास, ढाणी राजावास स्कूल से बलाना, खातोद से बुड़ीन, निम्भेड़ा और बलैचा के लिए लिंक रोड, महेंद्रगढ़ बुचौली रोड, नांगवास से अटेली सड़क के अतिरिक्त कार्य को भी मंजूरी प्रदान की गई है।