हरियाणा रोडवेज में यात्रियों की सुविधा के लिए एक माह में लांच होगा मोबाइल ऐप, अनिल विज ने दिए निर्देश

हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा को पूरी तरह से ध्यान में रखते हुए अगले एक माह के भीतर हरियाणा रोडवेज का मोबाइल ऐप लॉन्च किया जाएगा। इसके अलावा, हरियाणा रोडवेज में करीब 700 कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी तथा राज्य में 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। यह घोषणा परिवहन मंत्री ने एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान की है।
चंडीगढ़ में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
विज मंगलवार को चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस महत्वपूर्ण बैठक में परिवहन विभाग के आयुक्त एवं सचिव अतुल द्विवेदी भी उपस्थित रहे थे। बैठक के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को विभाग की आगामी योजनाओं और कार्यप्रणालियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
700 नए कंडक्टरों की होगी भर्ती और 500 इलेक्ट्रिक बसें आएंगी
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि विभाग में करीब 700 कंडक्टरों की पदोन्नति की जानी है और उनके स्थान पर जल्द ही 700 नए कंडक्टरों की भर्ती की जाएगी। इस पर परिवहन मंत्री विज ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने यह भी बताया कि राज्य में ग्रीन एनर्जी के साथ-साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 500 इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। इसके अतिरिक्त, 125 साधारण बसें हरियाणा रोडवेज इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन के माध्यम से तैयार की जा रही हैं।
मोबाइल ऐप में मिलेंगी कई आधुनिक सुविधाएं
बैठक में परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मंत्री विज के समक्ष तैयार किए गए मोबाइल ऐप की प्रस्तुति दी। ऐप की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक मॉड्यूल जोड़े जाएं। उन्होंने कहा कि ऐप में निर्धारित समय पर निर्धारित बस अड्डे या बस स्टॉप पर बस के पहुंचने की जानकारी, बसों के अनधिकृत स्थानों पर ठहराव की जानकारी तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होनी चाहिए। श्री विज द्वारा अधिकारियों को ऐप को हिंदी, अंग्रेजी और पंजाबी, तीनों भाषाओं में उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
लाइव लोकेशन और डिजिटल क्यूआर कोड की सुविधा
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐप एंड्रायड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होना चाहिए। इसके माध्यम से यात्रियों को बसों की लाइव लोकेशन की जानकारी मिलनी चाहिए, ताकि वे अपनी यात्रा की बेहतर योजना बना सकें। विभिन्न गंतव्यों के बीच किराए की जानकारी के साथ-साथ विभिन्न योजनाओं के तहत यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए डिजिटल क्यूआर कोड/कार्ड जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होगी। विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐप में आवश्यक संशोधन कर इसका शीघ्र ट्रायल जल्द से जल्द किया जाए।
सभी बस अड्डों पर लगेंगे डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि राज्य के सभी बस अड्डों पर बसों की समय-सारिणी और उनके गंतव्यों की जानकारी डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित की जाए, ताकि यात्री अपनी यात्रा की पूर्व योजना बना सकें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि प्रत्येक बस के बस अड्डे पर आने और वहां से रवाना होने का समय कंट्रोल सेंटर में रिकॉर्ड होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई चालक बस को निर्धारित बस अड्डे पर नहीं ले जाता है तो सिस्टम के माध्यम से उसकी स्वचालित रूप से जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा रोडवेज के अंतर्गत संचालित सभी बसों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे बसों की निगरानी और संचालन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष जोर और सख्त चेतावनी
बैठक में बस अड्डों पर यात्रियों को उपलब्ध होने वाली खाद्य सामग्री और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री को रोकने पर भी चर्चा हुई है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेलवे की आईआरसीटीसी की तर्ज पर परिवहन विभाग के तहत एक नई संस्था गठित करने की संभावनाएं तलाशें, ताकि यात्रियों को निर्धारित एवं उचित कीमतों पर स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने बस अड्डों पर अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले विक्रेताओं को तत्काल हटाने के सख्त निर्देश दिए हैं। विज ने स्पष्ट रूप से कहा कि अनिल विज लोगों को खाने-पीने के नाम पर जहर नहीं बेचने देगा।