हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, हर बूथ पर जलेगा आशीर्वाद का दीया

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को चंडीगढ़ स्थित हरियाणा निवास में एक महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही है। राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रभावी क्रियान्वयन और सफल आयोजन किया जाएगा। इस बैठक में अभियान की तैयारियों और विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग तथा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया ने अभियान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों और उनकी तैयारियों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी 23 जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटित परियोजनाओं तथा हरियाणा की प्रमुख विकास परियोजनाओं को चिन्हित किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि 17 सितंबर की शाम को प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर लाभार्थियों और आम जनता के घर जाकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को इस अभियान से जोड़ा जाए ताकि उनके घरों पर दीया जलाकर उनके अनुभवों को सामने लाया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा इन सभी कार्यक्रमों की वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की जाएगी और संबंधित फोटो व वीडियो को सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से साझा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रत्येक जिले में केंद्र की योजनाओं के लाभार्थियों की एक सटीक सूची तैयार की जाए। यह पूरी तरह से सुनिश्चित किया जाए कि इस अभियान के दौरान कोई भी लाभार्थी छूटने न पाए। इस जनजागरण अभियान के साथ मंत्रीगण, विधायक, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता को भी जोड़ा जाएगा। ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाओं, किसानों के लिए किए गए कार्यों, सड़कों, एक्सप्रेस वे तथा अन्य प्रमुख विकास परियोजनाओं को भी चिन्हित किया जाए ताकि इन विकास कार्यों को जनता के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
बैठक में यह जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह अभियान पूरे देश में आयोजित होगा। हरियाणा में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा और इसकी शुरुआत 17 सितंबर की शाम को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके अलावा 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को वर्ष 2047 के विकसित भारत की अपनी कल्पना और सपनों को अभिव्यक्त करने का पूरा अवसर मिलेगा।