गुरुग्राम में स्कूल शिक्षा विभाग की 59वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 59वीं राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आरंभ
क्रिकेट की 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों की प्रतियोगिताएं आयोजित
लॉन टेनिस व क्रिकेट प्रतियोगिताओं में प्रदेशभर के खिलाड़ी ले रहे हैं भाग
ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने की दिलाई शपथ
फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम/ 8 सितंबर2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 59वीं हरियाणा राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का मंगलवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम, गुरुग्राम में शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के तहत लॉन टेनिस की 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों तथा क्रिकेट की 14 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के लड़कों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उप जिला शिक्षा अधिकारी गीता आर्य ने किया। इस अवसर पर एसटीपी जीएमडीए वेद प्रकाश सहरावत, तथा समाजसेवी एवं भाजपा नेता रवि बंसल विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य संगीता के मार्गदर्शन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जैकबपुरा की छात्राओं ने मनमोहक हरियाणवी नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति की छटा बिखेरी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भीमगढ़ खेड़ी नवीन खन्ना तथा प्रधानाचार्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इस्लामपुर लखपत सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों से पहुंचे खिलाड़ियों को गुरुग्राम के क्रिकेट खिलाड़ी द्वारा खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शपथ भी दिलाई गई।