हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से होगा शुरू, जानिए सत्र से जुड़ी पूरी जानकारी

हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से होगा शुरू, जानिए सत्र से जुड़ी पूरी जानकारी

हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे शोक प्रस्तावों के साथ की जाएगी। इसके बाद सदन में प्रश्नकाल का आयोजन किया जाएगा। आज की कार्यवाही के बाद सदन में लगातार तीन दिन का अवकाश रहेगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही 31 अगस्त को दोबारा शुरू होगी। फिर एक सितंबर को विधायी कार्यों के बाद सदन की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया जाएगा। विधानसभा सत्र के आयोजन को लेकर बुधवार को बिजनेस सलाहकार समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में यह फैसला लिया गया कि यह पूरा सत्र एक सितंबर तक ही चलेगा।

मानसून सत्र के दौरान हंगामे के पूरे आसार

आज से शुरू होने वाला यह सत्र भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन इस सत्र के काफी हंगामेदार रहने के पूरे आसार हैं। विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के मुद्दे पर पहले से ही सरकार को लगातार घेरने का प्रयास कर रही है। कांग्रेस इस सत्र के दौरान सरकार से कई गंभीर मुद्दों पर जवाब मांगेगी। कांग्रेस सदन में कानून-व्यवस्था, एचकेआरएन, प्रदेश में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल और तमाम कर्मचारी संगठनों की लंबित मांगों पर सरकार को घेरेगी। इसके अलावा, गुजरात में कॉमनवेल्थ खेलों के आयोजन किए जाने को लेकर अभी तक कांग्रेस के सांसद ही मुद्दा उठाते आए हैं। अब इस सत्र के दौरान कांग्रेस के विधायक भी हरियाणा को कॉमनवेल्थ खेलों के लिए को-ऑर्गेनाइजर स्टेट बनाने की जोरदार मांग उठाएंगे।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

इनेलो पार्टी ने भी पूरी की सत्र की तैयारी

कांग्रेस के अलावा विपक्षी दल इनेलो ने भी आज से शुरू होने वाले इस सत्र के लिए अपना पूरा होमवर्क पहले ही पूरा कर लिया है। सदन में इनेलो विधायक दल के नेता अदित्य देवीलाल की तरफ से कुल 5 तारांकित और 2 अतारांकित प्रश्न लगाए जाएंगे। इसके अलावा इनेलो के ही विधायक अर्जुन चौटाला की तरफ से सदन में 9 तारांकित और एक अतारांकित प्रश्न लगाया गया है। इनेलो के विधायकों ने इस सत्र के लिए कुल 10 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी सरकार को दिए हैं। विधायक अदित्य देवीलाल की तरफ से जो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए गए हैं, उनमें 550 करोड़ से अधिक का आईडीएफसी बैंक घोटाला, कौशल रोजगार निगम में की जा रही अनियमितताएं और प्रदेश में लगातार घट रहा भू-जल स्तर शामिल है।

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और मंत्रियों से पूछे जाने वाले सवाल

विधायक अदित्य देवीलाल ने प्रदेश में कैंसर के लगातार बढ़ रहे मरीजों और प्रॉपर्टी टैक्स को कलेक्टर रेट पर चार्ज करने का मुद्दा भी उठाया है। इसके अलावा उन्होंने एवैक्यू प्रॉपर्टी कानून और बिगड़ती कानून व्यवस्था के बारे में भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिया है। वहीं दूसरी ओर, विधायक अर्जुन चौटाला की तरफ से प्रदेश में लगातार बढ़ रहे नशे, सरकारी स्कूलों में हजारों की संख्या में खाली पड़े शिक्षकों के पदों और एक लाख से अधिक बच्चों द्वारा स्कूल छोड़ दिए जाने के बारे में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव दिए गए हैं। साथ ही, विधायक अदित्य देवीलाल की तरफ से मुख्यमंत्री समेत कृषि मंत्री, शिक्षा मंत्री और जनस्वास्थ्य मंत्री से उनके विभागों से संबंधित 5 तारांकित एवं 2 अतारांकित प्रश्न भी पूछे गए हैं।

Share:

Comments

Leave a comment