हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र: 17 घंटे 39 मिनट चली कार्यवाही, 66 सदस्यों की हाजिरी शत-प्रतिशत

हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने गुरुवार को चंडीगढ़ में विधानसभा सत्र के संबंध में रिपोर्ट जारी की है। स्पीकर ने बताया कि हरियाणा विधानसभा में तीन दिन चले मानसून सत्र के दौरान राज्य के कुल 38 विधायकों ने अपने क्षेत्रों की आवाज उठाई। सदन की कार्यवाही 27 अगस्त से 1 सितंबर तक चली थी। मानसून सत्र में कुल 17 घंटे 39 मिनट सदन की कार्यवाही चली। सत्र के दौरान 66 सदस्यों की उपस्थिति शत-प्रतिशत रही। मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा सभी मंत्री भी सदन में उपस्थित रहे। अध्यक्ष ने विभिन्न अवसरों पर सदस्यों को अनुशासन बनाए रखने की नसीहत दी। उन्होंने सदन की मर्यादा का पालन करने और चर्चा को जनहित के मुद्दों तक सीमित रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित, सदन की गरिमा और जनविश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
शून्यकाल और प्रश्नकाल की जानकारी
मानसून सत्र में एक दिन शून्यकाल आयोजित हुआ था। इस शून्यकाल में 1 घंटा 57 मिनट तक कार्यवाही चली। इस दौरान 38 विधायकों ने विभिन्न लोकहित के मुद्दे उठाए। इन विधायकों में भाजपा के 13 विधायक शामिल रहे। इसके अलावा कांग्रेस के 22 और तीन निर्दलीय विधायक भी शामिल रहे। सत्र के तीनों दिनों में प्रश्नकाल हुआ था। प्रश्नकाल के लिए कुल 60 तारांकित प्रश्न सूचीबद्ध किए गए थे। इनमें से 31 प्रश्नों के मौखिक जवाब सदन में दिए गए। विधानसभा सचिवालय को 51 सदस्यों की ओर से 266 तारांकित प्रश्नों के नोटिस प्राप्त हुए थे। इनमें से 167 प्रश्न स्वीकार किए गए थे। हालांकि, सत्र के पहले दिन कुछ परिस्थितियों के कारण प्रश्नकाल में एक भी प्रश्न का मौखिक उत्तर नहीं दिया जा सका। वहीं, 22 विधायकों की ओर से 126 अतारांकित प्रश्नों के नोटिस मिले थे। इनमें से 97 प्रश्न स्वीकार किए गए। सूचीबद्ध 93 अतारांकित प्रश्नों के उत्तर संबंधित विधायकों को भेज दिए गए हैं।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और पारित विधेयक
ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के लिए कुल 25 नोटिस प्राप्त हुए थे। इनमें से छह ध्यानाकर्षण प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। सत्र की तीनों बैठकों में दो-दो ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा की गई। कार्य स्थगन प्रस्ताव के लिए प्राप्त चारों नोटिसों को अस्वीकृत कर दिया गया क्योंकि वे निर्धारित शर्तें पूरी नहीं करते थे। सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय को कुल 15 विधेयक प्राप्त हुए थे। चर्चा के बाद सभी 15 विधेयक सदन में पारित कर दिए गए। सत्र के दौरान दो महत्वपूर्ण सरकारी संकल्प भी पारित हुए।
सदन की कार्यवाही देखने पहुंचे दर्शक
मानसून सत्र के दौरान विधानसभा की विभिन्न दीर्घाओं में कुल 753 दर्शकों ने सदन की कार्यवाही देखी। इन दर्शकों में 11 शिक्षण संस्थाओं के 446 विद्यार्थी और शिक्षक भी शामिल रहे। इससे विद्यार्थियों और आम लोगों को संसदीय कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला है।