हरियाणा को बनाएंगे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब, स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दी जानकारी

हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश को डिजिटल रूप से सशक्त और अत्याधुनिक तकनीक से लैस करने के लिए लगातार काम कर रही है। हरियाणा को जल्द ही एक प्रमुख आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब के रूप में विकसित किया जाएगा।
चंडीगढ़ में सोमवार को जारी जानकारी के अनुसार, प्रदेश में 25 हजार अटल सेवा केंद्र पंजीकृत हुए हैं और आठ हजार गांवों में वाई-फाई हॉट स्पॉट लगाए गए हैं।
ई-गवर्नेस और अटल सेवा केंद्र
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि प्रदेश में ई-गवर्नेस और अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं की पहुंच को मजबूत करने के उद्देश्य से वर्तमान में 25,201 अटल सेवा केंद्र पंजीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 17,085 ग्रामीण और 8,116 शहरी क्षेत्रों में सफलतापूर्वक काम कर रहे हैं। इसके साथ ही, अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से 75 विभागों, बोर्डों और निगमों की 946 ऑनलाइन सेवाएं तथा योजनाएं आम जनता को घर बैठे उपलब्ध कराई जा रही हैं।
डिजी लॉकर और डिजिटल कनेक्टिविटी
केंद्र सरकार की डिजी लॉकर सेवा को अपनाने में हरियाणा इस समय देश का अग्रणी राज्य बन चुका है। वर्तमान में 228 प्रकार के दस्तावेज और प्रमाण-पत्र डिजिटल सत्यापन के लिए आसानी से उपलब्ध हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए ग्राम पंचायतों में 8,468 वाई-फाई हॉट स्पॉट लगाए जा चुके हैं। प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के लिए प्रदेश के 44 विभागों और सभी जिलों में ई-ऑफिस के जरिए कामकाज पूरा किया जा रहा है।
शिकायत निवारण और डिजिटल पहल
हर जिला मुख्यालय पर सीएम विंडो की शुरुआत की गई है। इसके माध्यम से 31 अगस्त, 2026 तक 15.32 लाख से भी अधिक शिकायतों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है। सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायतों और उनके निवारण पर नजर रखने के लिए सरकार ने एक नया इन-हाउस सिस्टम सोशल मीडिया ग्रीवेंस ट्रैकर भी विकसित किया है। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा सरकार इन सभी डिजिटल पहलों के जरिए प्रदेश में पारदर्शी, त्वरित और जवाबदेह शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।