हरियाणा को मिलेगा भरपूर फोर्टिफाइड राइस, मंत्री राजेश नागर ने केंद्रीय मंत्री और सीएम सैनी का जताया आभार

हरियाणा को मिलेगा भरपूर फोर्टिफाइड राइस: मंत्री राजेश नागर ने केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी का जताया आभार। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सैनी को भी धन्यवाद दिया है। हरियाणा में राइस मिलर्स 30 सितंबर तक कर सकेंगे फोर्टिफाइड राइस की आपूर्ति।
फरीदाबाद से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा में चालू खरीफ सत्र के दौरान धान की खरीद का अनुमान बढ़ाए जाने पर हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने केंद्रीय खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। राज्य में धान की खरीद, मिलिंग तथा प्रोसेसिंग का कार्य पहले की अपेक्षा अधिक व्यापक स्तर पर किया जा सकेगा।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री से की थी मुलाकात
मंत्री राजेश नागर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने हरियाणा में धान खरीद और फोर्टिफाइड राइस आपूर्ति बढ़ाने की मांग रखी थी। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष भी किसानों और प्रदेश के हित में यह विषय प्रमुखता से रखा था। उनकी मांग पर केंद्र सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय लिया गया है। इस सकारात्मक निर्णय पर उन्होंने केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष रूप से धन्यवाद किया है।
धान खरीद का अनुमान बढ़ाकर किया गया 59.62 लाख मीट्रिक टन
उन्होंने बताया कि केंद्रीय खाद्य मंत्रालय ने विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा है। मंत्रालय ने वर्ष 2025-26 के दौरान हरियाणा में धान खरीद के अनुमान को बढ़ाने का निर्णय लिया है। अब धान खरीद के अनुमान को बढ़ाकर 59.62 लाख मीट्रिक टन करने की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इससे पहले गत वर्ष हरियाणा में धान खरीद का अनुमान 53.98 लाख मीट्रिक टन था। इस प्रकार इस वर्ष प्रदेश में पहले की तुलना में अधिक फोर्टिफाइड राइस मिलेगा।
किन तथ्यों के आधार पर लिया गया यह निर्णय
मंत्री नागर ने कहा कि केंद्र सरकार ने यह निर्णय बहुत अध्ययन के बाद लिया है। पिछले दो खरीद सत्रों के दौरान हरियाणा में हुई धान खरीद की प्रवृत्ति का अध्ययन किया गया। राज्य में फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति के लिए निर्धारित लक्ष्य को देखा गया। खरीद प्रक्रिया के अंत में राज्य द्वारा की गई भौतिक सत्यापन प्रक्रिया का भी अध्ययन किया गया। इसके अलावा हरियाणा सरकार और भारतीय खाद्य निगम द्वारा संयुक्त रूप से बिना मिलिंग किए गए धान के स्टॉक के सत्यापन सहित विभिन्न तथ्यों का अध्ययन किया गया और फिर यह निर्णय लिया गया।
30 सितंबर तक बढ़ाई गई मिलिंग एवं आपूर्ति की अवधि
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने फोर्टिफाइड राइस की मिलिंग एवं आपूर्ति के लिए निर्धारित अवधि को भी बढ़ा दिया है। अब इस अवधि को बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है। इससे प्रदेश के राइस मिलर्स को अतिरिक्त समय मिलेगा। धान की मिलिंग एवं फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति की प्रक्रिया इससे सुचारू रूप से पूरी की जा सकेगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने रखी थी मांग
राजेश नागर ने कहा कि उनकी अनुशंसा के बाद यह प्रक्रिया आगे बढ़ी। हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने चालू वित्त वर्ष में अनुमानित धान खरीद बढ़ाने की मांग केंद्र सरकार के समक्ष रखी थी। अब केंद्र की मंजूरी मिलने से प्रदेश को भरपूर फोर्टिफाइड राइस मिल सकेगा। उन्होंने अंत में कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार काम कर रही है। हरियाणा सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से किसानों के हित में लगातार प्रभावी निर्णय ले रही है।