हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने किया जींद जिले का दौरा

हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने किया जींद जिले का दौरा

हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने किया जींद जिले का दौरा

सामान्य अस्पताल में महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का किया अवलोकन

वन स्टॉप सेंटर में आने वाली महिलाओं को मिले संवेदनशील एवं त्वरित सहायता का भरोसा

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

नरेंद्र जेठी /नरवाना /21 अगस्त 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने शुक्रवार को जींद जिले का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने डीसी डॉ वैशाली शर्मा व पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के साथ महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा कर जानकारी ली।

दौरे के दौरान उनके साथ राज्य महिला आयोग की सदस्या सुमन देवी,उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार, एसएमओ डॉ राजेश भोला,डॉ रघुबीर, डीपीओ सीमा रोहिल्ला, डीसीपीओ सुजाता, वन स्टॉ सेंटर संचालिका राजवंती के अलावा अन्य विभागों के अधिकारी भी साथ रहे। उपाध्यक्ष मीना परमार ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं के अधिकारों की रक्षा,घरेलू हिंसा, उनके साथ होने वाले भेदभाव एवं उत्पीड़न की शिकायतों के निवारण तथा महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

आयोग का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा वातावरण उपलब्ध करवाना है, जहां वे बिना किसी भय या संकोच के अपनी शिकायत दर्ज करवा सकें और उन्हें समयबद्ध तरीके से न्याय एवं सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि महिला संबंधी शिकायतों को केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया के रूप में न लेकर संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ सुना जाना चाहिए। किसी भी महिला को अपनी शिकायत के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला संबंधी शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध करवाई जाए।

सामान्य अस्पताल का किया निरीक्षण
महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने सामान्य अस्पताल जींद का दौरा कर वहां महिलाओं को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने महिला एवं प्रसूति सेवाओं, जांच, उपचार, परामर्श तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में आने वाली महिलाओं के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने महिला वार्ड में जाकर महिला विशेषज्ञ डॉ से महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी विस्तार से जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अस्पताल में महिलाओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था तथा आवश्यक मार्गदर्शन की भी नियमित निगरानी की जानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए बनाए गए शौचालयों की साफ-सफाई व्यवस्था,महिला वार्ड, ओपीडी व अन्य जांच केन्द्र का अवलोकन किया। उपाध्यक्ष ने इस दौरान आपातकालीन वार्ड में जाकर महिलाओं को दिये जाने वाले इलाज व सुविधाओं की भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ पर्यावरण संदेश देने के लिए अस्पताल परिसर में पौधारोपण भी किया।

वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं को मिले त्वरित सहायता
उपाध्यक्ष मीना परमार ने अपने दौरे के दौरान वन स्टॉप सेंटर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां महिलाओं को उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं तथा केंद्र में आने वाली महिलाओं की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वन स्टॉप सेंटर में पहुंचने वाली किसी भी महिला को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता केंद्र है, जहां हिंसा अथवा संकट की स्थिति में महिलाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाता है। यहां आवश्यकता के अनुसार चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता, मनोवैज्ञानिक एवं भावनात्मक परामर्श, कानूनी सहायता तथा अन्य आवश्यक सेवाओं से जो?ने की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र में आने वाली महिलाओं की निजता और गरिमा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उनकी समस्याओं को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वन स्टॉप सेंटर में शौचालयों, पीने के पानी, बिस्तर, खाने की सुविधाओं व अन्य जरूरी चीजों पर विशेष ध्यान दिया जाए,ताकि यहां आने वाली महिलाओं को सहजता महसुस हो।

महिला थाना का किया निरीक्षण
इस दौरान उपाध्यक्ष ने महिला थाना जींद का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर में महिला संबंधी शिकायतों के रिकॉर्ड, शिकायतों पर की गई कार्रवाई तथा लंबित मामलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से उन महिलाओं द्वारा पूर्व में दी गई शिकायतों का संज्ञान लिया, जिनकी शिकायतों पर कार्रवाई की जा चुकी है अथवा जो किसी स्तर पर लंबित हैं।

मीना परमार ने शिकायतकर्ता महिलाओं से फोन पर स्वयं बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से पूछा कि पुलिस अथवा संबंधित विभाग की ओर से उन्हें आवश्यक सहायता मिली या नहीं तथा उनकी शिकायत पर की गई कार्रवाई से वे संतुष्ट हैं या नहीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के साथ-साथ शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना भी सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिला थानों की भूमिका केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित महिला को सुरक्षित वातावरण, आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन और न्याय की प्रक्रिया में सहयोग उपलब्ध करवाना भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

 महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने पत्रकारों केे साथ बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की रक्षा तथा उनके हितों के संरक्षण के लिए कार्य करता है। आयोग के समक्ष महिलाओं से संबंधित विभिन्न प्रकार की शिकायतें रखी जा सकती हैं, जिनमें घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, महिलाओं के साथ भेदभाव तथा अन्य महिला अधिकारों से जुड़े मामले शामिल हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा, शिक्षा, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं एवं सुविधाएं संचालित की जा रही हैं।

इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र महिला तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। कार्यस्थलों पर महिलाओं के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव, उत्पीड़न अथवा असुरक्षित व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें , अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें और सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।a

Share:

Comments

Leave a comment