हरियाणा की महिला उद्यमी और सेल्फ हेल्प ग्रुप 21 अगस्त को चंडीगढ़ में दिखाएंगी अपनी प्रतिभा

हरियाणा की महिला उद्यमी और सेल्फ हेल्प ग्रुप 21 अगस्त को चंडीगढ़ में दिखाएंगी अपनी प्रतिभा

चंडीगढ़ में 21 अगस्त को हरियाणा की महिला उद्यमी और महिलाओं द्वारा संचालित सेल्फ हेल्प ग्रुप अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। यह कार्यक्रम राजधानी चंडीगढ़ के हिमाचल भवन में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में महिलाओं के संघर्ष से सफलता की कहानी देखने को मिलेगी। हरियाणा के विभिन्न जिलों से फूड प्रोसेसिंग तथा खाद्य सामग्री से जुड़े क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाएं अपने उत्पाद लेकर इस कार्यक्रम में पहुंचेंगी।

नीति आयोग के मार्गदर्शन और देसी क्रेविंग के सहयोग से आयोजन

नीति आयोग के मार्गदर्शन में संचालित वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म (डब्ल्यूईपी) और देसी क्रेविंग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। देसी क्रेविंग की संस्थापक सदस्य रूचिता बंसल ने इस कार्यक्रम के बारे में पूरी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के ग्रामीण अंचल में बहुत सी महिलाएं ऐसी हैं जिनके पास हुनर तो है। लेकिन मार्केट लिंक नहीं होने के कारण वह अपने उत्पादों को आम लोगों तक नहीं पहुंचा पाती हैं। इसी समस्या के चलते वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म में नीति आयोग की वरिष्ठ सलाहकार सुश्री ऐन्ना रॉय के नेतृत्व में देसी क्रेविंग का गठन किया गया था। इस प्लेटफार्म में संघर्ष के साथ सफलता हासिल करने वाली महिलाओं और सेल्फ हेल्प ग्रुप से जुड़ी महिलाओं को शामिल किया गया है।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

महिलाओं को मिलेगा नया मंच, ट्रेनिंग और वित्तीय प्रोत्साहन

इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का एक मंच मुहैया करवाया जा रहा है। इस मंच से महिलाओं को खरीददार और लंबे समय तक चलने वाली ग्राहक चेन मिलेगी। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाली 50 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा प्रथम तीन स्थान पर आने वाली महिलाओं को वित्तीय प्रोत्साहन भी दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही महिलाओं को हरियाणा व भारत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। दूर दराज के क्षेत्रों में रहकर घरों में काम करने वाली महिलाओं को उद्यमियों की श्रेणी में खड़ा किया जाएगा।

राज्यपाल और अधिकारियों का मिलेगा पूरा सहयोग और प्रोत्साहन

21 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम के संबंध में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष के साथ बैठक की गई है। राज्यपाल को इस कार्यक्रम का निमंत्रण दिया गया है। हरियाणा के राज्यपाल ने निमंत्रण स्वीकार करने के साथ भविष्य की योजनाओं में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है। साथ ही राज्यपाल ने बेहतर भविष्य की कामना भी की है। इस कार्यक्रम में कई राजनीतिक दिग्गज और प्रशासनिक अधिकारी उद्यमी महिलाओं की हौसला अफजाई और उत्साहवर्धन करेंगे।

Share:

Comments

Leave a comment