सोनीपत: पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ में हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026 का जोरदार स्वागत

सोनीपत: पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ में हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026 का जोरदार स्वागत

सोनीपत में 15 सितंबर को युवाओं में उद्यमिता की भावना बढ़ाने और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से निकाली जा रही हरियाणा युवा उद्यमी यात्रा-2026 का पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पिछले महीने गुरुग्राम से दो बसों को हरी झंडी दिखाकर इस यात्रा की शुरुआत की थी। इस यात्रा के साथ पहुंचे विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से युवा उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप, कौशल विकास और स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

विशेषज्ञों ने युवाओं को दिए खास सुझाव

राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के सलाहकार डा. कृष्ण कुमार कटारिया, एवीपीएल के उत्तर भारत प्रमुख विंग कमांडर विजय मोहन, एनएसडीसी के महाप्रबंधक अनुपम, एचएसआरएलएम जिला संयोजक डा. नवीन नैन भालसी और उद्योग विभाग के अधिकारियों ने युवाओं से संवाद किया। अधिकारियों ने युवाओं से कहा कि वे अपनी प्रतिभा और नए विचारों को केवल नौकरी तक सीमित न रखें। सही दिशा, मेहनत और लगातार प्रयास से अपना उद्यम शुरू करने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।

AtalHind की हर खबर सबसे पहलेJoin Channel

दिसंबर 2026 तक विभिन्न जिलों का दौरा करेगी यात्रा

डा. कृष्ण कुमार कटारिया ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना है। ये दोनों बसें दिसंबर 2026 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगी। इस दौरान कॉलेज, विश्वविद्यालय, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों में युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, ऋण सुविधा, तकनीकी सहयोग और सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी दी जाएगी।

विद्यार्थियों ने सुने विशेषज्ञों के विचार

पूर्ण मूर्ति विद्यापीठ में बीटेक, वैमानिकी, पॉलिटेक्निक, प्रबंधन, फार्मेसी, विधि, आईटीआई और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों के विचार सुने। संस्था के चेयरमैन डा. विजयपाल नैन ने कहा कि इस यात्रा से प्रदेश में स्टार्टअप और उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा। युवाओं को नौकरी तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीकों को समझकर उनका उपयोग करना आज के समय की बड़ी जरूरत है। कार्यक्रम के अंत में सभी विशेषज्ञों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

Share:

Comments

Leave a comment