ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन AIKKMS

ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन AIKKMS
 

ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन प्रदेश अध्यक्ष अनूपसिंह मातनहेल व सचिव जयकरण मांडौठी ने कल 26 अक्टूबर को रोहतक में एक विशाल किसान मजदूर छात्र युवा महिला महापंचायत को सफल बनाने के लिए इसमें हजारों की संख्या में भागीदारी करने पर प्रदेश के किसानों मजदूरों छात्रों युवाओं व महिलाओं का आभार व्यक्त करता है। एक साझा बयान जारी कर उन्होंने उन तमाम कार्यकर्ताओं को भी बधाईयां दी हैं जिन्होंने पिछले कई दिनों से जनसंपर्क अभियान चलाकर डोर टू डोर पर्चे बांट कर, जनसभाएं आयोजित कर प्रदेश के लोगों को महापंचायत में शामिल होने के लिए दिन-रात कठिन मेहनत की। जनता ने बड़े पैमाने पर भागीदारी कर और हर तरह का सहयोग व समर्थन देकर महापंचायत को सफल बनाया।

दोनों नेताओं ने बताया कि बाजरा व धान की एमएसपी पर समुचित खरीद करने, सस्ता व असली खाद-बीज समय पर उपलब्ध कराने, फसल ख़राबे का प्रति एकड़ 50,000 रुपये मुआवजा देने, नहरों में पर्याप्त पानी छोड़ने, बुढ़ापा पेंशन 10,000 रुपये महीना लागू करने, सभी स्कीम वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, मिड डे मील,आशा व आँगनवाड़ी कर्मियों समेत सभी मजदूरों का 42000 रुपये मासिक वेतन लागू करने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, हरियाणा कौशल रोजगार योजना को वापस लेने व सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ग्रामीण गरीबों को पूरा साल काम देने, स्कूलों की दशा सुधारने, नशाख़ोरी पर रोक लगाने, परिवार पहचान पत्र स्कीम रद्द करने, सभी फसलों के लिए लागत से डेढ़ गुणा एमएसपी पर खरीद करने का कानून बनाने, कर्ज मुक्ति लागू करने, भारत अमेरीका व्यापार समझौता वार्ता पर पूर्ण विराम लगाने, चार लेबर कोड रद्द करने, एसआईआर रद्द करने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्ख़ास्त कर दंडित करने, मतदाता सूची से हटाए गए 13.41 करोड़ नाम बहाल करने आदि मांगों को लेकर आगामी 3 नवम्बर को प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे। इन मांगों को पूरा करने इसके उपरांत शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा।

संगठन के तमाम नेताओं व कार्यकर्ताओं से उन्होंने बिना सुस्ताए संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 26 नवम्बर को दिल्ली में हजारों किसान आन्दोलन में शामिल कराने की तैयारियां जारी रखने की भी अपील की।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles