अब महंगी दवाइयां मिलेंगी सस्ती, हरियाणा के 16 जिलों में शुरू हुई अमृत फार्मेसी

हरियाणा के 16 जिलों में अमृत फार्मेसी शुरू की गई हैं। यहां मरीजों को ब्रांडेड दवाइयों पर 50 से 90 प्रतिशत तक छूट मिलेगी। फार्मेसी 24 घंटे सातों दिन खुलेंगी। स्टेंट, पेसमेकर और मेडिकल इंप्लांट भी रियायती दरों पर उपलब्ध होंगे।
 

हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने कहा कि अमृत फार्मेसी सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है, जिसके माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और ब्रांडेड दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध होंगी। इससे आम नागरिकों को आर्थिक राहत मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच अधिक सुगम बनेगी। उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी में देश की प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों की असली ब्रांडेड दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी तथा गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बाजार में महंगे दामों पर मिलने वाली दवाइयां यहां रियायती दरों पर उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

डिप्टी स्पीकर डॉ.कृष्ण लाल मिड्ढा जींद में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित अमृत फार्मेसी के शुभारंभ कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इससे पहले प्रदेश के 16 जिलों में एक साथ आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं केन्द्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत यमुनानगर से वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि अमृत फार्मेसी के माध्यम से मरीजों को प्रतिष्ठित कंपनियों की गुणवत्तापूर्ण ब्रांडेड दवाइयां बाजार मूल्य से काफी कम दरों पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। फार्मेसी पर दवाइयों की कीमतों में लगभग 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी, जिससे आमजन विशेषकर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को इलाज के दौरान दवाइयों पर होने वाले खर्च में बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अमृत फार्मेसी को 24 घंटे सातों दिन संचालित करने की व्यवस्था की गई है। इससे नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दिन या रात किसी भी समय दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के परिजनों को दवाइयों के लिए अस्पताल से बाहर भटकने अथवा दुकानों के खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि फार्मेसी में दवाइयों के साथ-साथ हृदय रोगों के उपचार में उपयोग होने वाले स्टेंट, पेसमेकर तथा हड्डियों के ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले घुटने और कूल्हे के इंप्लांट, प्लेट एवं स्क्रू जैसे मेडिकल इंप्लांट्स भी निर्धारित रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन के उपचार में मरीजों को आर्थिक राहत मिलेगी।

 उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आयुष्मान भारत, चिरायु हरियाणा और निरोगी हरियाणा जैसी योजनाओं के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे मरीजों को अमृत फार्मेसी में उपलब्ध दवाइयों के बारे में जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। साथ ही निर्देश दिए कि दवाइयों और मेडिकल इंप्लांट्स की उपलब्धता सुनिश्चित रखें तथा मरीजों के साथ संवेदनशीलता और विनम्रता से व्यवहार करें।

 डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिढ़ा ने नागरिकों से भी अपील की कि जिला नागरिक अस्पताल में शुरू की गई अमृत फार्मेसी की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और इस जनकल्याणकारी पहल के बारे में अन्य लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध होने से मरीजों को उपचार के दौरान बड़ी राहत मिलेगी।

About the Author

Monika Singh
Monika Singh

9447 Articles