चौ. बंसीलाल राजकीय अस्पताल में सितंबर माह में 98 हजार 438 मरीजों को विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का दिया लाभ: सिविल सर्जन
अस्पताल की प्रयोगशाला में गत माह के दौरान कुल 11 लाख 21 हजार 738 टेस्ट
भिवानी,
स्वास्थ्य विभाग द्वारा डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला के नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। चौ. बंसीलाल राजकीय अस्पताल में गत माह सितंबर में विभिन्न चिकित्सा सेवाओं का 98 हजार 438 मरीजों ने लाभ उठाया। इनमें ओपीडी, आईपीडी तथा नए एवं पुराने मरीज शामिल हैं। इसके अलावा प्रयोगशाला में गत माह के दौरान कुल 11 लाख 21 हजार 738 टेस्ट किए गए। सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने जानकारी देते हुए बताया कि सितंबर माह के दौरान अस्पताल में 22335 नए मरीजों का उपचार किया गया। आईपीडी में 3507 मरीजों का उपचार हुआ, जबकि नई व पुरानी आईपीडी में 9 हजार 696 व नई व पुरानी ओपीडी में 62 हजार 900 मरीजों की सेवाएं दर्ज की गईं। उन्होंने बताया कि गत माह में अस्पताल में 72 चिकित्सक कार्यरत रहे। इस दौरान 771 आपातकालीन मरीजों को भर्ती किया गया, जबकि 51 मामलों को बेहतर उपचार के लिए अन्य संस्थानों में रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि सितंबर माह में मरीजों को विभिन्न प्रकार की एनेस्थीसिया सेवाएं भी उपलब्ध करवाई गईं। इनमें 9 मरीजों को जनरल एनेस्थीसिया, 98 को स्पाइनल एनेस्थीसिया तथा 213 मरीजों को अन्य प्रकार की एनेस्थीसिया सेवाएं दी गईं। इस दौरान कुल 320 ऑपरेशन किए गए, जिनमें 279 मेजर तथा 41 माइनर ऑपरेशन शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गत माह में अस्पताल में 76 सिजेरियन ऑपरेशन किए गए तथा 131 डिलीवरी करवाई गईं। इसके अलावा 3005 ईसीजी, 6333 एक्स-रे तथा 1468 अल्ट्रासाउंड किए गए। इस दौरान 524 मरीजों को रक्त चढ़ाया गया, जिसमें अस्पताल में 436 रक्त ट्रांसफ्यूजन तथा निजी संस्थानों को 88 यूनिट जारी करना शामिल है। उन्होंने बताया कि अस्पताल की प्रयोगशाला में सितंबर माह के दौरान कुल 11 लाख 21 हजार 438 टेस्ट किए गए। इनमें 72 हजार 536 स्पेशल टेस्ट तथा 4 लाख 88 हजार 45 रूटीन टेस्ट शामिल हैं। इसके अलावा 288 मलेरिया स्लाइड की जांच भी की गई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जिले के नागरिकों को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में बेहतर, सुलभ और निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि आमजन को उपचार एवं जांच की सुविधाएं समयबद्ध तरीके से मिल सकें।
