एससी / एसटी अधिनियम के तहत दर्ज सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए : एडीसी

एससी / एसटी अधिनियम के तहत दर्ज सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए : एडीसी
 

एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में मामलों की समीक्षा में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

12 मामलों की हुई समीक्षा, सात स्वीकृत और पांच मामले निरस्त

भिवानी,

स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में एडीसी दीपक बाबू लाल करवा की अध्यक्षता में जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989, 95 व 2016 के तहत दर्ज 12 मामलों, पीडि़तों को दी जाने वाली राहत राशि तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिनियम के तहत दर्ज सभी मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करें। पीडि़त व्यक्तियों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए। बैठक में एडीसी श्री करवा ने कहा कि लंबित मामलों की सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं ताकि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को सभी मामलों की नियमित समीक्षा करने और राहत राशि वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने निरस्त किए गए पांच केसों के बारे में बैठक में उपस्थित सभी गैर सरकारी सदस्यों से उनकी राय जानी।

इसके साथ ही उन्होंने एससी-एसटी मामलों में कार्रवाई बारे सुझाव भी लिए ताकि पीडि़त व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का अन्याय ना हो। जिला कल्याण अधिकारी देवेन्द्र कुमार ने बैठक में बताया कि एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध की प्रकृति के अनुसार पीडि़तों को 85 हजार रुपये से 8 लाख 25 हजार रुपये तक की सहायता राशि प्रदान करने का प्रावधान है। यह सहायता हत्या, दुष्कर्म, गंभीर चोट, संपत्ति को नुकसान तथा अन्य अत्याचार संबंधी मामलों में नियमानुसार दी जाती है। उन्होंने बताया कि एक फरवरी से 31 जुलाई 2026 तक जिले में कुल 12 मामले दर्ज किए गए है। सात मामलों को स्वीकृति प्रदान कर चंडीगढ़ मुख्यालय भेज दिया गया है। पांच मामले को अपात्र पाए जाने पर निरस्त (अखराज) कर दिया गया है। बैठक में डीएसपी दलीप सिंह, गैर सरकारी सदस्य पूनम जोगपाल, नरेंद्र खटक, मुकेश व रणबीर फौजी मौजूद रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles