समाधान शिविर में डीएमसी हरबीर सिंह ने सुनीं लोगों की समस्याएं

समाधान शिविर में डीएमसी हरबीर सिंह ने सुनीं लोगों की समस्याएं
 

अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का समाधान करने के दिए सख्त निर्देश

भिवानी,

डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डीएमसी हरबीर सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाते हुए शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें। समाधान शिविर में गांव सांगवान निवासी राज कुमार ने गंदे पानी की निकासी करवाने, गांव मिताथल निवासी सूरजभान ने गली में बने अवैध शौचालय को हटवाने, गांव कलिंगा निवासी जगदीश ने तालाब से बरसाती पानी निकलवाने, गांव तालू निवासी महेंद्र ने सोलर सिस्टम का कंट्रोलर बदलवाने, गांव हालुवास निवासी कविता ने दिव्यांग व्यक्ति की सुविधा के लिए व्हीलचेयर उपलब्ध करवाने, गांव गोरीपुर निवासी वीरेंद्र सिंह ने गली का अवरुद्ध रास्ता खुलवाने की समस्या रखी। इसी प्रकार से गांव पहलादगढ़ निवासी जगदीश चंद्र ने मकान निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करवाने, स्थानीय निवासी रणधीर सिंह ने बिजली पोल को सीधा करवाने और लटकते बिजली के तारों को दुरूस्त करवाने बारे शिकायत रखी। इसके अलावा कुछ लोगों ने फैमिली आईडी में त्रुटि दुरूस्त करवाने से संबंधित शिकायत रखी, जिसमें से चार समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।  डीएमसी हरबीर सिंह ने सभी शिकायतों को गौर से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएसपी अनूप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, रामकिशन हलवासिया और राम गोपाल सैनी मौजूद रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles