हरियाणा के भिवानी में पराली जलाने पर किसान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना, पुलिस में एफआईआर दर्ज

हरियाणा के भिवानी में पराली जलाने पर किसान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना, पुलिस में एफआईआर दर्ज
 

भिवानी, 18 नवंबर। जिले के गांव कलिंगा में धान की पराली जलाने का मामला सामने आने पर कृषि विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। विभाग ने संबंधित किसान संजय सिंह पुत्र रामकुमार पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है तथा उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। जांच के दौरान करीब तीन एकड़ भूमि में धान की पराली जली हुई पाई गई। इसके अतिरिक्त संबंधित किसान की जमीन की मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल पर रेड एंट्री भी दर्ज की गई है।

इस संबंध में कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि 14 नवंबर को विभागीय टीम को गांव कलिंगा के खेतों में पराली जलाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही कृषि विभाग की टीम पटवारी, ग्राम सचिव एवं पुलिस कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची और खेतों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब तीन एकड़ भूमि में धान की पराली जली हुई मिली। विभागीय टीम ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित किसान पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई।

पराली प्रबंधन के लिए किसानों को किया जा रहा जागरूक

उप कृषि निदेशक राजेश सिहाग ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा किसानों को लगातार फसल अवशेष नहीं जलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। विभागीय टीमें गांव-गांव जाकर किसानों को पराली प्रबंधन के आधुनिक तरीकों एवं इससे पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दे रही हैं। उन्होंने बताया कि इस सीजन में अब तक पराली जलाने की कोई घटना सामने नहीं आई थी, लेकिन गांव कलिंगा में मामला मिलने पर विभाग ने तुरंत कार्रवाई की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

पराली न जलाने पर प्रति एकड़ 1200 रुपये की प्रोत्साहन राशि

सहायक कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ ने बताया कि किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए आधुनिक कृषि मशीनें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके साथ ही पराली न जलाकर उसका उचित प्रबंधन करने वाले किसानों को सरकार की ओर से 1,200 रुपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली में आग लगाने के बजाय आधुनिक कृषि मशीनों का उपयोग कर फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन करें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपना सहयोग दें।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles