भिवानी-जोनपाल में अवैध कॉलोनी में जेसीबी से चार एकड़ में निर्माण को किया ध्वस्त
भिवानी
जोनपाल में अवैध कॉलोनी में जेसीबी से चार एकड़ में निर्माण को किया ध्वस्त भिवानी, 29 अक्टूबर। भिवानी के नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में अवैध कॉलोनी और निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर योजनाकार विभाग की टीम ने भिवानी-जोनपाल के राजस्व क्षेत्र में तोडफ़ोड़ अभियान चलाया। जिला नगर योजनाकार अधिकारी जयदीप खरब ने बताया कि इस कार्रवाई के दौरान लगभग चार एकड़ में फैली अवैध कॉलोनी में बने तीन डीपीसी तथा सडक़ नेटवर्क को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया।
जिला नगर योजनाकार ने बताया कि यह कार्रवाई गांव भिवानी-जोनपाल की राजस्व भूमि में खसरा नंबर 229//3, 7, 8, 13, 14, 17 और 18 में की गई। अभियान का उद्देश्य नियंत्रित एवं शहरी क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी और अनधिकृत निर्माणों को हटाना था। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तथा एक जेसीबी मशीन की सहायता से अवैध निर्माण को गिराया है। इस दौरान लोगों को अनाधिकृत कॉलोनियों में जमीन का क्रय-विक्रय न करने की अपील की गई है।
