खानक(तोशाम) माइंस संकट: 20 हजार की रोजी-रोटी पर खतरा!

खानक माइंस में 20 दिन से ई-रवाना पोर्टल ठप होने से 20 हजार लोगों की आजीविका प्रभावित है। रोड़ी के भाव 700 से 900 रुपये प्रति टन पहुंचे। जानिए पूरा मामला।

खानक माइंस में 20 दिन से पोर्टल काम न करने से हजारों लोगों के सामने उत्पन्न हुआ रोजी-रोटी का संकट, क्रेशर-रोड़ी के रेट भी बढ़े

तोशाम, 29 अक्टूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)।

खानक माइंस में पिछले लगभग 20 दिनों से ई-रवाना पोर्टल के लगातार सही ढंग से काम नहीं करने के कारण खनन उद्योग, क्रशर मालिकों, ट्रांसपोर्टरों, श्रमिकों और इस व्यवसाय पर निर्भर हजारों परिवारों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। वही क्रेशर व रोड़ी के 200 रूपये प्रति टन रेट बढ़ गए हैं। ईरवाना ना चलने के कारण कच्चे माल की प्रोडक्शन कम हो गई है जिसके कारण क्रेशर मालिकों को पत्थर नहीं मिल पा रहा है। इससे सरकार को भी हर रोज करोडो रुपए के राजस्व का नुकसान हो रहा है। इसको लेकर क्रेशर मालिको ने वीरवार को एसडीएम से मिलकर ज्ञापन सौंपा। इस समस्या के संबंध में क्रशर मालिकों और खनन टीम द्वारा एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों को कई बार लिखित शिकायतें दी गई हैं। इसके अलावा, ईमेल के माध्यम से भी लगातार शिकायतें भेजी गई हैं। हाल ही में इस मामले को मैनेजिंग डायरेक्टर के संज्ञान में भी ईमेल के माध्यम से लाया गया। इसके बावजूद भी अब तक कोई संतोषजनक जवाब या प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। पोर्टल में लगातार धीमी गति और तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे खनन एवं डिस्पैच गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। खानक माइंस से 200 से अधिक क्रशर यूनिट और लगभग 4 हजार डंपर मालिक, चालक, ऑपरेटर एवं अन्य संबंधित कर्मचारी जुड़े हुए हैं। खनन कर्मचारियों, सहायक स्टाफ, छोटे व्यापारियों, चाय विक्रेताओं और अन्य संबंधित व्यवसायों को मिलाकर लगभग 20 हजार लोगों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित होने का अनुमान है। ई-रवाना पोर्टल की लगातार समस्याओं के कारण डिस्पैच कार्य प्रभावित हो रहा है, व्यापारिक गतिविधियों में कमी आ रही है और संबंधित हितधारकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसके साथ ही, श्रमिकों की दैनिक आजीविका पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इस स्थिति का असर सरकारी राजस्व पर पड़ रहा है। बार-बार शिकायतें किए जाने और वरिष्ठ प्रबंधन तक मामला पहुंचाए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना प्रशासनिक जवाबदेही, शिकायतों के निस्तारण और समय पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की समीक्षा करने और तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। लोगों द्वारा बार-बार शिकायतें दिए जाने के बावजूद खनन एवं डिस्पैच कार्यों से जुड़ी इतनी महत्वपूर्ण व्यवस्था लगभग 20 दिनों से प्रभावित क्यों बनी हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं वरिष्ठ प्रबंधन से तत्काल हस्तक्षेप करने, ई-रवाना पोर्टल को सामान्य रूप से चालू कराने, प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने, जिम्मेदारी तय करने तथा आगे होने वाले आर्थिक नुकसान को रोकने की मांग की है। खानक माइंस से जुड़े प्रभावित  ई-रवाना पोर्टल की समस्या का स्थायी समाधान, सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच और इस व्यवसाय पर निर्भर हजारों लोगों की आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं। ई-रवाना पोर्टल को तत्काल सुचारु रूप से चालू किया जाए, शिकायतों की निष्पक्ष जांच हो, जिम्मेदारी तय की जाए तथा खनन उद्योग, श्रमिकों, क्रशर मालिकों और अन्य हितधारकों को हो रहे आर्थिक नुकसान एवं सरकारी राजस्व पर पड़ रहे प्रतिकूल प्रभाव को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।

200 रूपये प्रति टन तक बढ़े क्रेशर व रोड़ी के भाव... खानक माइंस में पत्थर न मिलने के कारण रोडी व क्रेशर के भाव 200 रूपये प्रतिदिन तक बढ़ गए हैं जो 15 दिन पहले तक 700 रूपये प्रति टन थे अब 900 रूपये प्रति टन तक हो गए हैं जिससे घर बनाने वाले लोगों को काफी महंगा पड़ रहा है।

20 से 25 हजार मीट्रिक टन पत्थर हर रोज निकल रहा है... खानक माईन्स में ई रवाना पोर्टल बन्द होने से हर रोज 20 से 25 हजार मीट्रिक टन पत्थर ही निकल पा रहा है। पहले हर रोज करीबन एक लाख मीट्रिक टन निकलता था। पत्थर ना मिलने के कारण गाड़ियां खड़ी हैं। क्रेशर पर काम नहीं है।

वीरवार को एसडीएम से मिले क्रेशर एसोसिएशन के सदस्य... ई-रवाना को चलवाने के लिए क्रेशर एसोसिएशन के सदस्य वीरवार को एसडीएम से मिले। उन्होंने एसडीएम आए जल्द ही समाधान की मांग की है। ग्रेप के कारण बढ़ी चिंता क्रेशर संचालकों ने कहा कि ग्रेप-1 पहले ही लागू हो चुका है और ग्रेप-3 लागू होने की स्थिति में संबंधित नियमों के तहत क्रेशर उद्योग बंद हो सकता है। सर्दियों में लगभग तीन महीने तक क्रेशर बंद रहने की आशंका के बीच माइनिंग साइट की समस्या ने उद्योग के सामने अतिरिक्त चुनौती खड़ी कर दी है। क्रेशर उद्योग से हजारों मजदूरों, ट्रक चालकों, हेल्परों, व्यापारियों एवं अन्य लोगों की आजीविका जुड़ी हुई है। इस बारे में एचएसआईआईडीसी के सीनियर मैनेजर रविंद्र जाखड़ ने बताया कि ईरवाना पोर्टल बन्द है जिसके कारण पत्थर नहीं निकल पा रहा है। यह माइनिंग विभाग से संबधित है। उनको इसके लिए अवगत करवा दिया है। जल्द ही समस्या का समाधान होगा। इस बारे में क्रेशर एसोसिएशन के प्रधान अमरसिंह ने बताया कि इस मामले में कोई अधिकारी अपनी जिम्मेदारी नहीं समझ रहा। इसके लिए एमडी माइनिंग से भी मिल चुके हैं कोई समाधान नहीं है। आज इस मामले एसडीएम से मिले है जल्द ही चलवाने का आश्वासन दिया है।

About the Author