जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में मंत्री राजेश नागर ने कुल 13 परिवादों में से दस का किया मौके पर ही निपटारा
पंचायत भवन में आयोजित हुई जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक
भारत नगर निवासी पूजा गौड़ और चांग निवासी सेवानिवृत सूबेदार मेजर विक्रम की शिकायत मामले में मंत्री ने दिए मुकदमा दर्ज करने के आदेश
भिवानी,
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री राजेश नागर की अध्यक्षता में स्थानीय पंचायत भवन में जिला लोकसंपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित हुई। मंत्री श्री नागर ने बैठक में रखे गए 13 परिवादों में से 10 परिवादों को मौके पर ही निपटारा किया। मंत्री ने भारत नगर निवासी पूजा गौड़ और चांग निवासी सेवानिवृत सूबेदार मेजर विक्रम की शिकायत मामले में मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इस दौरान भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, डीसी साहिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, एडीसी दीपक बाबूलाल करवा, भाजपा जिलाध्यक्ष विरेन्द्र कौशिक उपस्थित रहे।
मंत्री श्री नागर ने स्थानीय रोहतक गेट निवासी गोपाल कुमार के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने बिजली निगम को बिजली मीटर की जांच करवाने और बिल को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। विद्यानगर निवासी कश्मीर सिंह के मामले से संबंधित आवश्यक दस्तावेज रखने को कहा। गांव गुजरानी निवासी रमेश कुमार के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि रिपोर्ट को पीजीआई में जांच के लिए भेजें। इसी प्रकार से स्थानीय निवासी भगवान दास कालिया के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री श्री नागर ने एचएसआईडी को कारण बताओ नोटिस जारी किया। गांव जताई निवासी दलबीर के परिवाद की सुनवाई करते हुए उन्होंने यमुना जल सेवाएं मंडल विभाग को निर्देश दिए कि लगभग एक महीने के अंदर-अंदर समस्या का समाधान करें। न्यू डीसी कॉलोनी निवासी लक्ष्मण सिंह व अन्य निवासी के परिवाद पर मंत्री ने नगर परिषद को निर्देश दिए कि वे नोटिस जारी कर जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाया जाए। गांव जुई कलां निवासी राजबीर के परिवाद पर उन्होंने बिजली निगम को निर्देश दिए कि वे परिवादी के बकाया बिजली बिल को किश्तों में जमा करवाने की व्यवस्था कर राहत प्रदान करें। स्थानीयपिपली वाली जोहड़ी हनुमान गेट निवासी विकास के परिवाद की सुनवाई करते हुए सीवरेज की तीन दिन के अंदर-अंदर सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
भारत नगर निवासी पूजा गौड़ के परिवाद पर मंत्री ने पुलिस विभाग को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। गांव सांगा निवासी जितेंद्र एवं अन्य ग्रामवासियों के परिवाद पर पंचायत विभाग ने मंत्री को बताया कि परिवादी की समस्या का समाधान करवा दिया गया है। गांव हालुवास निवासी उदयवीर सिंह के परिवाद पर मंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि वे तुरंत प्रभाव से नाला बंद करें और रास्ता खुलवाएं। गांव चांग निवासी सूबेदार मेजर विक्रम सिंह के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने पुलिस विभाग को एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। स्थानीय खरकड़ी रोड़ स्थित फ्रेंड़स कॉलोनी लोक कार्य एसोसिएशन के परिवाद की सुनवाई करते हुए मंत्री ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को सीवरेज लीकेज को लगभग एक महीने के भीतर दुरूस्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएफओ विपिन कुमार आईएफएस, भिवानी के एसडीएम महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह, लोहारू के एसडीएम मनोज दलाल, तोशाम के एसडीएम संदीप कुमार, सिवानी की एसडीएम विजया मलिक, डीएसपी अनूप कुमार, सिविल सर्जन डा. रघुबीर शांडिल्य, जिला परिषद के डिप्टी सीईओ रविन्द्र दलाल, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रदीप प्रजापति, जिला महामंत्री रमेश पचेरवाल, कष्ट निवारण समिति के गैर समिति सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, बबिता तंवर, रामकिशन हलवासिया, नंदराम धानिया, मुकेश सिंह, उमेद सिंह जांगड़ा, सुनील सांगवान, सतेंद्र तंवर और नवीन परमार आदि मौजूद रहे।
