विकास के साथ संस्कार, संस्कृति और भाईचारे को बचाना भी जरूरी: सांसद  धर्मबीर सिंह

विकास के साथ संस्कार, संस्कृति और भाईचारे को बचाना भी जरूरी: सांसद धर्मबीर सिंह
 
  • सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह के जन्म दिन के उपलक्ष्य पर किया फलदार पौधा व गीता ज्ञान पुस्तक भेंट

भिवानी, 25 नवंबर। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि आज पर्यावरण लगातार बिगड़ रहा है, संस्कार और परंपराएं कमजोर हो रही हैं तथा नशे की बुराई युवाओं को अपनी चपेट में ले रही है। सडक़ हादसों की बढ़ती घटनाएं भी गंभीर चिंता का विषय हैं। इन समस्याओं पर नियंत्रण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आगे आना होगा।उन्होंने कहा कि गीता का संदेश हमें जीवन में आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। यदि गीता का हम रूप से अध्ययन करें तो उसमें हर समस्या का समाधान है।

ये बात सांसद ने उनके 72 वें जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर प्रदेश में पर्यावरण एवं जल संरक्षण, हमारी परंपरा हमारी संस्कृति, नशा मुक्त भारत, सडक़ सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं देश की एकता-अखंडता के क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति सदस्यों और पर्यावरण एवं जल संरक्षण अभियान की ब्रांड एंबेसडर आरोही भारद्वाज द्वारा सांसद को खाटू श्याम बाबा का पटका, हैदराबाद के धार्मिक स्थल से लाई गई पगड़ी, गीता ज्ञान पुस्तक, फलदार पौधा तथा सडक़ सुरक्षा का प्रतीक रिफ्लेक्टर भेंट किए जाने के अवसर पर कही।

सांसद ने कहा कि आज संयुक्त परिवार टूट रहे हैं और गांवों में आपसी भाईचारा एवं सद्भाव भी कमजोर पड़ता जा रहा है। बच्चों को अच्छे संस्कार देना और सामाजिक ताने-बाने को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। बड़े बुजुर्गों, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं को समाज में आ रही गिरावट को रोकने के लिए मिलकर प्रयास करने चाहिए।

सांसद ने कहा कि विकास की रफ्तार के साथ संस्कार, संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण भी जरूरी है। जिस गांव, शहर या परिवार में संस्कृति और भाईचारा जीवित नहीं है, वहां विकास का वास्तविक महत्व अधूरा है। उन्होंने जन्मोत्सव पर सामाजिक संकल्प के साथ सम्मान करने की इस अनूठी पहल को सराहनीय बताते हुए समाजहित में ऐसे प्रयासों को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज व ब्रांड एंबेसडर आरोही भारद्वाज ने उपस्थित लोगों से पर्यावरण एवं जल संरक्षण, सडक़ सुरक्षा, नशामुक्ति तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मांगलिक कार्यक्रम और जन्मोत्सव पर समाज एवं राष्ट्रहित में कोई न कोई सकारात्मक संकल्प अवश्य लेना चाहिए, जो व्यक्तिगत जीवन के साथ समाज के लिए भी प्रेरणादायक बने।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles