विजयदशमी पर निकाली श्री राम युवा चेतना रैली

विजयदशमी पर निकाली श्री राम युवा चेतना रैली
 

वैदिक संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश भिवानी,

राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा, भिवानी एवं चरखी दादरी के संयुक्त तत्वावधान में विजयदशमी पर्व के अवसर पर श्री राम युवा चेतना रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ हुड्डा पार्क, भिवानी से हुआ। रैली प्रारंभ होने से पूर्व नरवाना से पधारे आचार्य नरेंद्र आर्य ने विजयदशमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि हमें अपने देश और संस्कृति की रक्षा करनी है, तो अपनी प्राचीन सनातन संस्कृति का अनुसरण करना होगा।   आचार्य नरेंद्र आर्य ने कहा कि राष्ट्र को सशक्त बनाने के लिए समाज के लोगों में श्रेष्ठ संस्कार विकसित करना आवश्यक है। प्रत्येक व्यक्ति को आर्य अर्थात् श्रेष्ठ आचरण वाला बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हमें अपनी आर्य संस्कृति का संरक्षण करने के साथ-साथ उसका प्रचार-प्रसार भी करना चाहिए। वैदिक संस्कृति ही वह आधार है, जिसके माध्यम से भारत अपने गौरवशाली स्वरूप आर्यावर्त की पहचान को पुन: स्थापित कर सकता है। राष्ट्रीय आर्य क्षत्रिय सभा, भिवानी के अध्यक्ष आर्य सुभाष सिवाच ने बताया कि श्रीराम युवा चेतना रैली हुड्डा पार्क से प्रारंभ होकर हांसी गेट, घंटाघर, दिनोद गेट, देवसर चुंगी, हालुवास गेट, दादरी गेट, रोहतक गेट एवं मेहम गेट होते हुए चिडिय़ाघर मोड़ पहुंची और वहां से वापस हुड्डा पार्क पर संपन्न हुई। रैली के दौरान सभी प्रतिभागियों ने ओम ध्वज धारण कर वैदिक संस्कृति, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र चेतना का संदेश दिया। आर्य निर्माणी सभा, भिवानी के सचिव आर्य राजकुमार ने बताया कि रैली में भिवानी एवं चरखी दादरी की आर्य निर्माण सभा के लगभग 80 से 100 सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता, राष्ट्रप्रेम तथा श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने की भावना विकसित होती है। रैली का मुख्य उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों, वैदिक संस्कृति एवं आर्य समाज के सिद्धांतों के प्रति जन जागरण करना तथा समाज में नैतिकता, श्रेष्ठ संस्कारों और राष्ट्रभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles