बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत दो माह तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान : डीसी
बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत दो माह तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान: डीसी
डीसी साहिल गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास विभाग को दिए हैं जरूरी निर्देश
भिवानी, 05 नवंबर।
बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए जिले में 21 अक्टूबर से 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। डीसी साहिल गुप्ता ने 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान बाल विवाह पर पूर्ण रूप से रोकथाम लगाने व जागरूकता के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विवाह स्थलों का निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। डीसी साहिल गुप्ता ने महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ बाल संरक्षण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे विवाह समारोह पर नजर रखें। यदि कहीं भी बाल विवाह करवाने की सूचना मिले तो उस पर तुरंत प्रभाव से कार्रवाई करें।
धार्मिक संस्थाओं, विवाह स्थलों, बैंड, डीजे, कैटरर्स और टेंट हाउस संचालकों में बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता लाएं। इसके साथ ही शिक्षण संस्थाओं में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करवा कर बच्चों को बाल विकास रोकथाम के लिए जागरूक करें। डीसी ने कहा है कि बाल विवाह न केवल सामाजिक बुराई है बल्कि कानूनी अपराध भी है। बाल विवाह के बारे में पंचायतों और आमजन को जागरूक होना चाहिए। यदि कहीं पर बाल विवाह करवाने की सूचना मिलती है तो इसके बारे में महिला एवं बाल विकास, बाल संरक्षण इकाई या जिला प्रशासन को सूचित करें। वहीं दूसरी ओर महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने बताया कि बाल विवाह को रोकने के लिए डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार विभाग द्वारा जिले में अलग-अलग निगरानी टीमों का गठन किया गया है। विभाग द्वारा महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। विवाह समारोह स्थलों पर निगरानी भी की जा रही है।
