हरियाणा में लाल डोरा की संपत्तियों को लेकर बड़ा फैसला, घर बैठे चेक करें मकान-प्लॉट का रिकॉर्ड
हरियाणा के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब लाल डोरा के अंदर आने वाले मकान और प्लॉट के मालिकाना हक से जुड़ी गलतियों को ठीक करवाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को स्वामित्व योजना से संबंधित आपत्तियों और शिकायतों के समाधान के लिए स्वामित्व पोर्टल लॉन्च किया।
इस पोर्टल के माध्यम से ग्रामीण नागरिक घर बैठे अपनी संपत्ति का रिकॉर्ड ऑनलाइन देख सकेंगे और उसमें किसी प्रकार की गलती मिलने पर निर्धारित समय के भीतर शिकायत दर्ज करवा सकेंगे। इस दौरान हरियाणा के राजस्व मंत्री विपुल गोयल, राजस्व वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा और मुख्यमंत्री के उप-प्रधान सचिव डॉ. यशपाल भी मौजूद रहे। प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्त और राजस्व विभाग के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े।
<strong>90 दिन के भीतर दर्ज करानी होगी आपत्ति</strong>
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि नए स्वामित्व पोर्टल पर नागरिक अपने जिले और गांव का नाम दर्ज करके तथा मोबाइल नंबर से लॉगिन कर अपनी संपत्ति का पूरा विवरण देख सकेंगे।
यदि किसी मकान या प्लॉट के क्षेत्रफल में गलती है, संपत्ति की किस्म गलत दर्ज है, एक ही संपत्ति की दो प्रॉपर्टी आईडी बन गई हैं या मालिक का नाम गलत दर्ज हुआ है, तो संबंधित व्यक्ति पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करवा सकता है।
इसके अलावा यदि किसी वास्तविक मालिक का नाम संपत्ति रिकॉर्ड में दर्ज होने से छूट गया है, तो वह भी अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को 90 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद पोर्टल के माध्यम से संपत्तियों के वास्तविक मालिकों के स्वामित्व कार्ड ऑटोमैटिक जनरेट किए जाएंगे।
<strong>हरियाणा में 25 लाख संपत्तियां लाल डोरा में शामिल</strong>
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण हरियाणा में करीब 25 लाख संपत्तियां लाल डोरा क्षेत्र में आती हैं। पहले इन संपत्तियों के मालिकों के पास मालिकाना हक का पुख्ता रिकॉर्ड नहीं होने के कारण खरीद-बिक्री और अन्य संपत्ति संबंधी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने वर्ष 2018-19 में स्वामित्व योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत ड्रोन सर्वे करवाया गया और गांवों में टीमें भेजकर संपत्तियों का रिकॉर्ड तैयार किया गया। इसके बाद आम नागरिकों से आपत्तियां लेकर वास्तविक मालिकों के मालिकाना हक को अंतिम रूप दिया गया। संपत्ति मालिकों को अधिकार देने के लिए सरकार ने नया कानून भी बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की इस योजना से प्रभावित होकर केंद्र सरकार ने भी इसे पूरे देश में लागू किया था।
<strong>डिजिटल मैप और ड्रोन इमेजरी से देख सकेंगे संपत्ति की सीमाएं</strong>
नए स्वामित्व पोर्टल पर नागरिकों को अपनी संपत्ति का विवरण देखने के साथ डिजिटल मानचित्र की सुविधा भी मिलेगी। इसके अलावा ड्रोन इमेजरी के माध्यम से लोग अपने मकान और प्लॉट की वास्तविक स्थिति तथा उसकी सीमाओं को भी बेहतर तरीके से समझ सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोर्टल शुरू करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनकी संपत्ति का सही रिकॉर्ड उपलब्ध करवाना और उनके अधिकारों को सुरक्षित करना है। इससे भविष्य में संपत्ति से जुड़े काम भी आसान होंगे।
<strong>DC और राजस्व अधिकारियों को दिए शिकायतों के जल्द निपटारे के निर्देश</strong>
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी उपायुक्तों और राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर आने वाली शिकायतों और आपत्तियों का समय पर निपटारा किया जाए। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि नागरिकों को अपनी संपत्ति से जुड़े कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी ग्रामीण नागरिकों से अपील की कि वे अपने मकान और प्लॉट का विवरण स्वामित्व पोर्टल पर जरूर जांचें। यदि रिकॉर्ड में किसी प्रकार की गलती या विसंगति मिलती है, तो 90 दिन की निर्धारित अवधि के भीतर अपनी शिकायत दर्ज करवाएं।
##
