वेव्स फिल्म बाजार के तीसरे दिन भी हरियाणा पवेलियन में फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का पहुंचना जारी

वेव्स फिल्म बाजार के तीसरे दिन भी हरियाणा पवेलियन में फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का पहुंचना जारी
 

<strong> </strong>

चंडीगढ़, 23 नवंबर- गोवा में आयोजित 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के अंतर्गत वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा की सहभागिता लगातार आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। फिल्म बाजार के तीसरे दिन भी हरियाणा पवेलियन में फिल्म जगत की हस्तियों और विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों का आगमन जारी रहा।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग की राज्य मंत्री श्रीमती पूर्णिमा चक्रवर्ती ने हरियाणा पवेलियन का दौरा किया। उन्होंने हरियाणा सरकार की फिल्म नीति के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की और राज्य में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने हरियाणा में फिल्म शूटिंग की संभावनाओं, उपलब्ध सुविधाओं तथा फिल्म उद्योग के विकास की दिशा में उठाए गए कदमों में भी विशेष रुचि दिखाई।

इसके अलावा, दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय (SUPVA), रोहतक के कुलपति डॉ. अमित आर्य भी हरियाणा पवेलियन पहुंचे। इस दौरान फिल्म एवं दृश्य कला के क्षेत्र में हरियाणा की संभावनाओं तथा राज्य में फिल्म निर्माण और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने, राज्य की सांस्कृतिक विरासत एवं पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने तथा फिल्म निर्माताओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से फिल्म नीति के माध्यम से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वेव्स फिल्म बाजार में हरियाणा की भागीदारी इन प्रयासों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।

फिल्म फेस्टिवल में हरियाणा का प्रतिनिधित्व अतिरिक्त निदेशक मनीष लोहान, संयुक्त निदेशक नीरज कुमार एवं एपीआरओ विकास मोर कर रहे हैं।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles