हरियाणा के 4500 प्रोफेसरों को मिली मनपसंद कॉलेज में पोस्टिंग, ट्रांसफर पॉलिसी से 80% शिक्षक खुश
<strong>चंडीगढ़। </strong>हरियाणा के सरकारी कॉलेजों में कार्यरत लगभग 4,500 सहायक प्राध्यापकों के ऑनलाइन तबादले सफलतापूर्वक संपन्न हो गए हैं। इस प्रक्रिया की सबसे खास बात यह रही कि करीब 80 प्रतिशत शिक्षकों को उनकी पसंद के पहले 15 पसंदीदा स्टेशनों में से ही तैनाती मिल गई, जबकि लगभग 20 प्रतिशत शिक्षकों को 15वें से 60वें विकल्प के बीच स्टेशन आवंटित किए गए। केवल 25 से 30 प्राध्यापक ऐसे रहे, जिन्हें दूसरे दौर में स्टेशन आवंटित करने की आवश्यकता पड़ी।
हरियाणा राजकीय महाविद्यालय शिक्षक संघ ने इस पूरी ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया को 'बिना खर्ची-पर्ची', पूरी तरह पारदर्शी और नियमबद्ध बताते हुए इसे उच्चतर शिक्षा विभाग में एक ऐतिहासिक बदलाव करार दिया है।
संघ के प्रधान डॉ. राजेश रांझा, उपप्रधान डॉ. गुरप्रीत कौर और डॉ. रश्मि सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री निवास पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस वर्ष उच्चतर शिक्षा विभाग में सबसे पहले मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू करके एक सराहनीय पहल की है।
डा. रश्मि सिंह बताती है कि तबादला किसी कर्मचारी के लिए केवल कार्यस्थल बदलने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध उसके पारिवारिक जीवन, बच्चों की शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों से होता है। पहले शिक्षकों को तबादलों के दौरान कई प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। आनलाइन व्यवस्था ने इस प्रक्रिया में विश्वास का माहौल बनाया है।
अनुकूल कार्यस्थल मिलने से प्राध्यापक अब बिना तनाव अधिक एकाग्रता और समर्पण के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास में योगदान दे पाएएंगे। इससे उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होने की संभावना अधिक बढ़ जाती है।
<strong>ग्रामीण सेवा की अनिवार्यता हटाने से 1500 शिक्षकों को लाभ</strong>
हाल ही में ग्रामीण सेवा की अनिवार्यता को अस्थायी रूप से हटाने के फैसले से करीब 1500 प्राध्यापकों को सीधा लाभ मिला है। इसके लिए प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा का विशेष आभार जताया। साथ ही सरकार से भविष्य में दिव्यांग कर्मचारियों, पारिवारिक परिस्थितियों और अन्य विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तबादला नीति को और संवेदनशील व व्यावहारिक बनाने की अपेक्षा जताई।
