8th Pay Commission: कर्मचारियों की सैलरी में होगी बड़ी बढ़ोतरी? 18 हजार से 69 हजार रुपये बेसिक पे करने का प्रस्ताव

8th Pay Commission Update: रेलवे कर्मचारी संगठन NFIR ने न्यूनतम बेसिक सैलरी 69,000 रुपये, 3.833 फिटमेंट फैक्टर, 6% सालाना इंक्रीमेंट और 5 प्रमोशन समेत कई बड़ी मांगें रखी हैं। जानें पूरी जानकारी।
 

<strong>8th Pay Commission Update:</strong> आठवें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। इसी बीच रेलवे कर्मचारियों के संगठन नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन रेलवेमेंस (NFIR) ने कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं में बड़े बदलाव का प्रस्ताव रखा है। संगठन ने न्यूनतम बेसिक सैलरी को मौजूदा 18,000 रुपये से बढ़ाकर 69,000 रुपये करने की मांग की है।

इसके लिए 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने का प्रस्ताव दिया गया है। इसके अलावा सालाना इंक्रीमेंट को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने, पूरी नौकरी के दौरान कम से कम 5 प्रमोशन देने और पेंशन में बढ़ोतरी जैसी मांगें भी रखी गई हैं।

आइए जानते हैं आठवें वेतन आयोग के सामने रेलवे कर्मचारियों की ओर से रखी गई 5 बड़ी मांगें क्या हैं।

1. न्यूनतम बेसिक सैलरी 18 हजार से बढ़ाकर 69 हजार रुपये करने की मांग

NFIR ने आठवें वेतन आयोग से न्यूनतम बेसिक सैलरी में बड़ी बढ़ोतरी करने की मांग की है। संगठन का प्रस्ताव है कि मौजूदा 18,000 रुपये की न्यूनतम बेसिक सैलरी को बढ़ाकर 69,000 रुपये किया जाए।

इसके लिए 3.833 फिटमेंट फैक्टर लागू करने की मांग की गई है। फिटमेंट फैक्टर वह गुणांक होता है, जिसके आधार पर पुरानी बेसिक सैलरी को नई सैलरी में बदला जाता है।

सातवें वेतन आयोग में न्यूनतम बेसिक सैलरी 18,000 रुपये निर्धारित की गई थी। अब रेलवे कर्मचारी संगठन चाहता है कि आठवें वेतन आयोग में कर्मचारियों को इससे काफी अधिक वेतन मिले।

2. सालाना इंक्रीमेंट 3% से बढ़ाकर 6% करने का प्रस्ताव

रेलवे कर्मचारियों की दूसरी बड़ी मांग सालाना वेतन वृद्धि को लेकर है। फिलहाल कर्मचारियों को बेसिक सैलरी पर 3 प्रतिशत वार्षिक इंक्रीमेंट मिलता है।

NFIR ने इसे बढ़ाकर 6 प्रतिशत करने का प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही हर साल कम से कम 10,000 रुपये का वित्तीय लाभ देने की मांग भी रखी गई है।

अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो कर्मचारियों की बेसिक सैलरी में हर साल अधिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसका असर एचआरए (HRA) और टीए (TA) जैसे वेतन से जुड़े भत्तों पर भी पड़ सकता है।

3. पूरी नौकरी में कम से कम 5 प्रमोशन देने की मांग

कई कर्मचारियों को लंबे समय तक एक ही पे-लेवल पर काम करना पड़ता है। इससे उनकी पदोन्नति और आर्थिक तरक्की प्रभावित होती है।

इसी समस्या को देखते हुए NFIR ने मांग की है कि प्रत्येक कर्मचारी को अपनी पूरी सर्विस के दौरान कम से कम 5 प्रमोशन दिए जाएं।

संगठन का मानना है कि इससे कर्मचारियों को करियर में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे और लंबे समय तक एक ही पद पर काम करने की समस्या कम होगी।

4. 25 प्रतिशत DA होने पर बेसिक सैलरी में मर्ज किया जाए

रेलवे कर्मचारी संगठन ने महंगाई भत्ते (DA) को लेकर भी अहम प्रस्ताव रखा है।

NFIR की मांग है कि जब महंगाई भत्ता 25 प्रतिशत तक पहुंच जाए तो उसे मूल वेतन यानी बेसिक सैलरी में शामिल कर दिया जाए।

इससे कर्मचारियों की बेसिक सैलरी बढ़ सकती है। बेसिक वेतन में बढ़ोतरी होने से उससे जुड़े अन्य भत्तों और रिटायरमेंट के समय मिलने वाले लाभों पर भी सकारात्मक असर पड़ सकता है।

5. पेंशन 67% और फैमिली पेंशन 50% करने की मांग

आठवें वेतन आयोग के सामने रेलवे कर्मचारियों ने पेंशनर्स के हितों से जुड़े प्रस्ताव भी रखे हैं।

NFIR ने मांग की है कि रिटायर होने वाले कर्मचारियों को अंतिम बेसिक सैलरी का 67 प्रतिशत पेंशन के रूप में दिया जाए। वहीं, फैमिली पेंशन को अंतिम बेसिक सैलरी का 50 प्रतिशत करने का प्रस्ताव रखा गया है।

इसके अलावा कम्यूटेड पेंशन की बहाली की अवधि को मौजूदा 15 साल से घटाकर 11 साल करने की मांग भी की गई है। इससे रिटायर्ड कर्मचारियों को पहले पूरी पेंशन मिलने का रास्ता खुल सकता है।

कब लागू होगा आठवां वेतन आयोग?

आठवें वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया गया है। ऐसे में आयोग की रिपोर्ट मई 2027 तक आने की उम्मीद है।

फिलहाल कर्मचारी संगठन अपनी-अपनी मांगें आयोग के सामने रख रहे हैं। रेलवे कर्मचारियों की ओर से रखे गए इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला आयोग की सिफारिशों और सरकार की मंजूरी के बाद ही होगा।

ध्यान देने वाली बात यह है कि 69,000 रुपये न्यूनतम बेसिक सैलरी, 3.833 फिटमेंट फैक्टर और अन्य मांगें फिलहाल कर्मचारी संगठन के प्रस्ताव हैं। इन्हें अभी सरकार की ओर से मंजूरी नहीं मिली है।

##

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles