व्यापारियों-उद्योगपतियों की हर समस्या का होगा समाधान’, जालंधर में CM नायब सिंह सैनी का बड़ा बयान; पंजाब को नशामुक्त बनाने पर दिया जोर

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। राज्य सरकार हरियाणा में निवेश बढ़ाने, उद्योगों के विस्तार, एमएसएमई (MSME) सेक्टर को प्रोत्साहन देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दे रही है।
 

<strong>जालंधर: </strong>हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि व्यापारियों और उद्योगपतियों की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। राज्य सरकार हरियाणा में निवेश बढ़ाने, उद्योगों के विस्तार, एमएसएमई (MSME) सेक्टर को प्रोत्साहन देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दे रही है।

मुख्यमंत्री रविवार को जालंधर में जिला व्यापार मंडल और जालंधर चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स द्वारा आयोजित एक संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से सीधा संवाद किया और आश्वस्त किया कि कारोबारियों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।

<strong>उद्योगों और निवेश से मजबूत होती है अर्थव्यवस्था</strong>

मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार और उद्योग किसी भी राज्य की आर्थिक रीढ़ होते हैं। उद्योगों के विस्तार से न केवल निवेश को बढ़ावा मिलता है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलते हैं। सरकार का मुख्य उद्देश्य उद्यमियों को एक अनुकूल और सुगम व्यावसायिक माहौल देना है, ताकि वे बिना किसी बाधा के नए निवेश और कारोबार का विस्तार कर सकें।

हाल ही में अपने सिंगापुर और स्वीडन दौर का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वहां विदेशी निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। हरियाणा सरकार ने उद्योगों और निर्यात को गति देने के लिए कई नीतिगत कदम उठाए हैं। नई औद्योगिक नीति-2026 और एमएसएमई प्रोत्साहन नीतियों का मुख्य मकसद निवेशकों को आकर्षित करना और रोजगार के अवसरों को तेजी से बढ़ाना है।

<strong>भगवान वाल्मीकि प्रकट उत्सव: नशामुक्त और खुशहाल समाज के निर्माण का आह्वान</strong>

जालंधर में भगवान वाल्मीकि प्रकट उत्सव के अवसर पर आयोजित तीर्थ यात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम नायब सैनी ने आम जनता से एक भयमुक्त, नशामुक्त और खुशहाल समाज के निर्माण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुशासन और सत्ता का असल उद्देश्य समाज के आखिरी पायदान पर खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुँचाना है।

उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि की शिक्षाएं हमें सिखाती हैं कि समाज में सच्ची शांति और प्रगति तभी आ सकती है जब हर वर्ग एकजुट होकर एक-दूसरे का सहयात्री बने। आज पंजाब को उसी नैतिक और सामाजिक पुनर्जागरण की सबसे ज्यादा जरूरत है।

पंजाब के युवाओं के भविष्य पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं को नशे के दलदल से निकालकर उन्हें बेहतर शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि और श्रद्धा होगी।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles