हरियाणा में बनेगी प्रदेश की पहली स्मार्ट रोड, फ्री Wi-Fi से लेकर म्यूजिक सिस्टम तक मिलेंगी सुविधाएं

हरियाणा में बनेगी प्रदेश की पहली स्मार्ट रोड, फ्री Wi-Fi से लेकर म्यूजिक सिस्टम तक मिलेंगी सुविधाएं
 

हरियाणा के चरखी दादरी शहर को जल्द ही आधुनिक स्मार्ट रोड की सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश की पहली स्मार्ट रोड बनाने की तैयारी की जा रही है। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को विकसित करने पर 32.26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस सड़क को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ-साथ शहर की सुंदरता और सुरक्षा को भी बेहतर बनाया जाएगा।

इस स्मार्ट रोड पर लोगों को फ्री वाई-फाई, CCTV कैमरे, आधुनिक LED लाइटिंग और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम जैसी सुविधाएं मिलेंगी। सड़क का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार किया जाएगा, जिससे शहर के मुख्य बाजार और मार्गों की तस्वीर बदलने की उम्मीद है।

हरियाणा की पहली स्मार्ट रोड में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

चरखी दादरी में बनने वाली स्मार्ट रोड को खास तकनीक और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ तैयार किया जाएगा। सड़क के दोनों तरफ भूमिगत यूटिलिटी डक्ट बनाई जाएंगी। इनमें बिजली की तारें, टेलीकॉम केबल और पानी की पाइपलाइन बिछाई जाएंगी। भविष्य में एलपीजी पाइपलाइन डालने के लिए भी जगह रखी जाएगी।

इस व्यवस्था से बार-बार सड़क खोदने की समस्या कम होगी और मरम्मत के कार्य आसानी से किए जा सकेंगे। इसके अलावा सड़क के किनारे पार्किंग और भूमिगत ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा।

रात में चमकेंगी सड़क की पट्टियां, दुर्घटनाओं का खतरा होगा कम

स्मार्ट रोड पर वाहन चालकों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। पूरे मार्ग पर दिशा बताने वाले साइन बोर्ड, लेन मार्किंग और पैदल यात्रियों के लिए क्रॉसिंग बनाई जाएंगी।

सड़क पर थर्मोप्लास्टिक पेंट का इस्तेमाल किया जाएगा, जो वाहनों की लाइट पड़ने पर चमकेगा। इससे रात के समय सड़क और उसकी लेन स्पष्ट दिखाई देंगी। सड़क पर आधुनिक सजावटी पोल और LED लाइटें भी लगाई जाएंगी। तिरंगे और थीम आधारित लाइटिंग से शहर का लुक आकर्षक बनाया जाएगा।

स्मार्ट बाजार में बजेगा म्यूजिक, आपात स्थिति में होगा अनाउंसमेंट

चरखी दादरी के स्मार्ट बाजार में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम भी लगाया जाएगा। रेलवे स्टेशन से परशुराम चौक और काठ मंडी तक इस सिस्टम के माध्यम से धीमा संगीत बजाया जाएगा।

जरूरत पड़ने पर इसी सिस्टम से ट्रैफिक संबंधी जानकारी और आपातकालीन सूचनाएं भी प्रसारित की जा सकेंगी। इससे बाजार में लोगों को जरूरी जानकारी समय पर मिल सकेगी।

5 किलोमीटर सड़क पर मिलेगा फ्री Wi-Fi, CCTV से होगी निगरानी

स्मार्ट रोड के पूरे 5 किलोमीटर हिस्से में मुफ्त वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हाई-डेफिनिशन CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

ये कैमरे कंट्रोल रूम से जुड़े रहेंगे और पूरे मार्ग पर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था होगी। इससे सड़क और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

2016 में शुरू हुआ था स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट

हरियाणा में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। उस समय बड़े शहरों में स्मार्ट सड़क और स्मार्ट बाजार विकसित करने की योजना बनाई गई थी, लेकिन इस दिशा में काम आगे नहीं बढ़ पाया।

वर्ष 2024 में सरकार ने छोटे शहरों में भी इस योजना को लागू करने की पहल की। इसके तहत प्रत्येक शहर में एक सड़क और एक बाजार को स्मार्ट बनाने के लिए चिन्हित करने के निर्देश दिए गए थे।

अब चरखी दादरी की स्मार्ट रोड का बजट सबसे पहले मंजूर होने के बाद इस परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी है। करीब 32.26 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क शहर के विकास और आधुनिक सुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है।

##

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles