Haryana Mid-Day Meal: सरकारी स्कूलों में बदला मिड-डे मील मेन्यू, अब हर दिन बच्चों को मिलेंगे नए व्यंजन; देखें पूरे महीने की लिस्ट
<strong>चंडीगढ़। </strong>हरियाणा के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब मिड-डे मील के तहत प्रतिदिन अलग-अलग और पौष्टिक व्यंजन परोसे जाएंगे। प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (पीएम पोषण) योजना के अंतर्गत प्राथमिक और मिडिल कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए दिनवार भोजन सूची में महत्वपूर्ण संशोधन किया है।
बच्चों के पोषण और आहार में विविधता को ध्यान में रखते हुए चार सप्ताह का विशेष मेन्यू तैयार किया गया है। इस संशोधित सूची में अनाज, दालें, सोयाबीन, ताजा मौसमी सब्जियां, दूध, दही, गुड़ और बाजरा/मिलेट जैसी खाद्य सामग्रियों को प्राथमिकता दी गई है।
मौलिक शिक्षा महानिदेशक द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, सभी सरकारी स्कूलों को अब इसी नई सूची के अनुरूप ही विद्यार्थियों के लिए भोजन तैयार कराना अनिवार्य होगा।
<strong>मेन्यू:</strong>
सोमवार: सब्जी पुलाव और काला चना
मंगलवार: रोटी और घीया-चना दाल
बुधवार: राजमा-चावल
गुरुवार: कढ़ी-पकौड़ा और चावल
शुक्रवार: गुड़-रोटी और दही
शनिवार: पौष्टिक मिलेट परांठा और दही
<strong>चौथे सप्ताह में पहले सप्ताह का मेन्यू दोहराया जाएगा</strong>
दूसरे सप्ताह में सोमवार को पौष्टिक सोया खिचड़ी, मंगलवार को मीठा दलिया, बुधवार को चावल व सफेद चना, वीरवार को पौष्टिक चना दाल खिचड़ी, शुक्रवार को पौष्टिक मिस्सी परांठा और शनिवार को दाल चावल निर्धारित किए गए हैं।
तीसरे सप्ताह में सोमवार को दाल चावल, मंगलवार को रोटी एवं मूंग-मसूर दाल, बुधवार को मिस्सी रोटी एवं मौसमी सब्जी, वीरवार को मीठे मूंगफली चावल, शुक्रवार को पौष्टिक नमकीन दलिया और शनिवार को गेहूं-रागी का पूड़ा शामिल किया गया है। इसके बाद चौथे सप्ताह में पहले सप्ताह का मेन्यू दोहराया जाएगा।
विभाग ने मिडिल कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए भी अलग दिनवार व्यंजन सूची तैयार की है। इसमें प्राथमिक कक्षाओं के मेन्यू के अनुरूप विभिन्न व्यंजन शामिल किए गए हैं, लेकिन खाद्य सामग्री की मात्रा और उससे मिलने वाले पोषण तत्वों का हिसाब अलग निर्धारित किया गया है। प्रत्येक व्यंजन के लिए कच्चे अनाज की मात्रा, प्रोटीन, ऊर्जा, कैल्शियम और आयरन की गणना भी दी गई है।
<strong>स्कूल मुखिया को सौंपी जिम्मेदारी</strong>
इससे स्कूलों को भोजन तैयार करने के लिए आवश्यक सामग्री की मात्रा और निर्धारित पोषण संबंधी विवरण का पालन करने में सुविधा होगी। निर्देशों में कहा गया है कि सभी व्यंजन स्कूल परिसर में स्कूल मुखिया की देखरेख में तैयार किए जाएंगे।
भोजन की गुणवत्ता और मात्रा सही रहे, यह सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी स्कूल मुखिया की होगी। बच्चों को खाना परोसने से पहले स्कूल मुखिया को स्वयं भोजन चखना होगा।
