Haryana Ration Card: राशन कार्डधारकों को राहत, 30 नवंबर तक मिलेगा सरसों तेल; सिर्फ ₹30 लीटर!
<strong>चंडीगढ़। </strong>हरियाणा सरकार ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन कार्डधारकों के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत, गरीबी रेखा से नीचे (BPL) जीवन जीने वाले और अत्यंत जरूरतमंद राशन कार्डधारकों को अक्टूबर महीने के कोटे का सरसों का तेल अब 30 नवंबर तक वितरित किया जाएगा।
सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है कि तय की गई इस समय सीमा के भीतर राशन डिपो से सरसों का तेल नहीं लेने पर कार्डधारकों को पिछले महीने के कोटे का लाभ दोबारा नहीं मिल पाएगा। इसलिए लाभार्थियों को समय रहते अपना राशन प्राप्त करने की सलाह दी गई है।
तेल लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए डीलरों के पास भेजा जा रहा है। इस बार वितरण व्यवस्था में सरसों के तेल की मात्रा और दरें तय की गई हैं। लाभार्थियों को आधा लीटर तेल के लिए 15 रुपये और एक लीटर के लिए 30 रुपये देने है। डेढ़ लीटर तेल की कीमत 45 रुपये होगी।
हरियाणा के खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री राजेश नागर ने बताया कि सभी जिलों में खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रकों को नए निर्देशों के मुताबिक डिपो होल्डरों तक तेल का निर्धारित स्टाक पहुंचाने के लिए कह दिया गया है। लाभार्थियों को डिजिटल प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही तेल दिया जाएगा।
