हरियाणा में हजारों कर्मचारियों के लिए बड़ी ख़ुशख़बरी, सरकार ने तय किया कैडर

चंडीगढ़: हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों के कॉमन कैडर को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच प्रदेश सरकार ने 11,700 कर्मचारियों का कैडर तय कर दिया है। इनमें से 5,645 कर्मचारी कॉमन कैडर में बने रहेंगे, जबकि 6,055 कर्मचारी अपने मौजूदा या मूल विभाग में जाएंगे।
 

<strong>चंडीगढ़:</strong> हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) कर्मचारियों के कॉमन कैडर को लेकर चल रही प्रक्रिया के बीच प्रदेश सरकार ने 11,700 कर्मचारियों का कैडर तय कर दिया है। इनमें से 5,645 कर्मचारी कॉमन कैडर में बने रहेंगे, जबकि 6,055 कर्मचारी अपने मौजूदा या मूल विभाग में जाएंगे।

मानव संसाधन विभाग ने विभागवार सूचियां जारी करने के साथ ही वरिष्ठता, पदोन्नति और सेवा शर्तों से जुड़े विस्तृत निर्देश भी जारी कर दिए हैं। कुल 5,987 कर्मचारियों ने अपने वर्तमान विभाग में बने रहने का विकल्प चुना है, जिनमें हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के सात कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके अलावा, वर्ष 2024 की सामान्य तबादला प्रक्रिया में दूसरे विभागों में भेजे गए 68 कर्मचारियों ने अपने मूल विभाग में लौटने का विकल्प दिया है। इस तरह ये सभी 6,055 कर्मचारी कॉमन कैडर से बाहर रहेंगे।

कॉमन कैडर में बने रहने वाले 5,645 कर्मचारियों की सेवा शर्तें 'हरियाणा ग्रुप-डी कर्मचारी (भर्ती एवं सेवा शर्तें) नियम, 2018' और उनमें हुए संशोधनों के अनुसार तय होंगी। इनकी आपसी वरिष्ठता आयोग की संयुक्त मेरिट सूची और लागू वैधानिक प्रावधानों के आधार पर निर्धारित की जाएगी।

वहीं, वर्तमान विभाग में बने रहने वाले 5,987 कर्मचारियों की वरिष्ठता उनकी नियुक्ति और विभाग में कार्यभार ग्रहण करने के आधार पर तय होगी। विज्ञापन संख्या 04/2018 के तहत आयोग की सिफारिश पर नियुक्त कर्मचारियों की वरिष्ठता संबंधित विभाग को भेजी गई मेरिट सूची से निर्धारित की जाएगी। सरकार के 24 जून 2019 के निर्देशों के अनुसार, दूसरे विभाग से आए कर्मचारियों को विज्ञापन संख्या 04/2018 के तहत मूल रूप से नियुक्त कर्मचारियों के बाद रखा जाएगा।

इसी प्रकार, वर्ष 2024 की तबादला प्रक्रिया में दूसरे विभाग में जाकर वहीं बने रहने का विकल्प देने वाले कर्मचारियों की वरिष्ठता उस विभाग में विज्ञापन संख्या 04/2018 के तहत नियुक्त सभी कर्मचारियों के बाद मानी जाएगी। जबकि, अपने मूल विभाग में लौटने वाले 68 कर्मचारियों की वरिष्ठता इस प्रकार तय होगी, मानो उनका तबादला हुआ ही नहीं था।

<strong>30 दिन में करना होगा कार्यमुक्त</strong>

विभागीय तबादला आदेशों के बाद संबंधित विभागों को 30 दिनों के भीतर उन्हें कार्यमुक्त करना होगा। 15 अगस्त 2026 तक या दोबारा दिए गए अवसर में 30 अक्टूबर 2026 तक विकल्प नहीं देने वालों को वर्तमान विभाग में बने रहने वाला माना जाएगा। विकल्प अंतिम होंगे और उन्हें दूसरे विभाग में बदलाव का आधार नहीं बनाया जा सकेगा।

ईडब्ल्यूएस श्रेणी में नियुक्ति और आयोग के संशोधित परिणामों से जुड़े, अदालतों में लंबित याचिकाओं के दायरे वाले कर्मचारियों की वरिष्ठता पर अंतिम निर्णय तक प्रक्रिया रोकी जाएगी।

विभागों को वरिष्ठता सूचियां तैयार या संशोधित करने, सेवा रिकॉर्ड, रोस्टर रजिस्टर और एचआरएमएस पोर्टल के विवरण अपडेट करने के निर्देश हैं। आरक्षण नियमों का पालन कर अस्थायी सूची पर आपत्तियां लेने के बाद अंतिम सूची जारी की जाएगी।

About the Author

Renu Sharma
Renu Sharma

9447 Articles