हरियाणा में बिजली हड़ताल पर हाई अलर्ट! CM सैनी की मीटिंग, 6,230 पुलिसकर्मी तैनात
<strong>चंडीगढ़: </strong>गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण के लिए किसी निजी कंपनी को पैरलल लाइसेंस मिलने के विरोध में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल के मद्देनजर हरियाणा सरकार पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को चंडीगढ़ में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें सभी प्रशासनिक सचिवों और जिलों के उपायुक्तों (DCs) ने हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार हर कदम पर बिजली कर्मचारियों के साथ है, लेकिन जनहित को सर्वोपरि रखते हुए कानून-व्यवस्था और बिजली आपूर्ति सुचारू रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
<strong>सीएम सैनी की अपील- हड़ताल टालें, सरकार APTEL में जाएगी</strong>
बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल विज, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल व्यक्तिगत रूप से मौजूद रहे।
अपील: सीएम नायब सैनी ने बिजली यूनियनों से पुरजोर अपील की है कि वे आम जनता की परेशानियों को देखते हुए अपनी हड़ताल के फैसले को स्थगित करें।
कानूनी कदम: मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार ने कर्मचारियों की मांग के अनुरूप ही विद्युत अपीलीय न्यायाधिकरण (APTEL) में अपील करने का निर्णय लिया है, ताकि कानूनी रूप से इस मामले का समाधान निकाला जा सके।
<strong>सुरक्षा के कड़े इंतजाम: 6,230 पुलिसकर्मी और ड्रोन से निगरानी</strong>
हड़ताल के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति या उपद्रव से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं:
पुलिस बल तैनात: संवेदनशील इलाकों और बिजली संस्थानों की सुरक्षा के लिए 6,230 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
ड्रोन से निगरानी: संवेदनशील बिजली उपक्रमों और पावरग्रिडों की सुरक्षा पर नजर रखने के लिए ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
सख्त चेतावनी: सीएम ने दो-टूक कहा कि हड़ताल की आड़ में यदि किसी ने उपद्रव फैलाने या बिजली घरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
वैकल्पिक व्यवस्था: आईटीआई के छात्र, रिटायर्ड कर्मी और पड़ोसी राज्यों की मदद
आम जनता को बिजली और पानी की समस्या से बचाने के लिए सरकार ने वैकल्पिक प्लान तैयार किया है:
टेक्निकल स्टाफ व छात्र: जरूरत पड़ने पर विभिन्न विभागों में कार्यरत तकनीकी स्टाफ, औद्योगिक कर्मचारियों के साथ-साथ पॉलिटेक्निक कॉलेजों और आईटीआई (ITI) के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों की सेवाएं भी बिजली आपूर्ति बहाल रखने के लिए ली जा सकती हैं।
रिटायर्ड और अन्य राज्यों के कर्मी: ऊर्जा विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ ने बताया कि स्थिति से निपटने के लिए सेवानिवृत्त (Retired) कर्मचारियों और पड़ोसी राज्यों के बिजली कर्मियों की मदद भी ली जाएगी।
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन: सभी जिलों में विशेष कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। जनता की शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं, और पुलिस सहायता के लिए 1501 नंबर पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
