IAS-IPS लव स्टोरी: शादी तय हुई तो बदला कैडर, दोनों को मिली पंचकूला में पोस्टिंग

पंचकूला के ADC IAS विवेक आर्य और DCP IPS अदिति सिंह आज शादी के बंधन में बंधेंगे। जानिए दोनों अधिकारियों की शिक्षा, UPSC रैंक, परिवार और कैडर बदलने की पूरी कहानी।
 
# IAS विवेक आर्य और IPS अदिति सिंह आज शादी के बंधन में बंधेंगे, रिश्ते ने बदलवाया कैडर; दोनों की पंचकूला में पोस्टिंग हरियाणा के पंचकूला जिले के प्रशासनिक और पुलिस महकमे के लिए आज का दिन खास है। जिले के अतिरिक्त उपायुक्त (ADC) विवेक आर्य और पुलिस उपायुक्त (DCP) IPS अदिति सिंह आज विवाह के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों युवा अधिकारियों की शादी को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा है। इस शादी की सबसे खास बात यह है कि दोनों अधिकारियों का रिश्ता तय होने के बाद IPS अदिति सिंह को हिमाचल प्रदेश के बजाय हरियाणा कैडर मिला। इसके बाद संयोग से दोनों की नियुक्ति पंचकूला जिले में ही हो गई। एक अधिकारी प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं, जबकि दूसरी पुलिस विभाग में कानून-व्यवस्था की कमान संभाल रही हैं। ## बाढड़ा में हुई हल्दी और लग्नी की रस्में विवाह से पहले 10 से 12 नवंबर तक चरखी दादरी जिले के बाढड़ा में हल्दी और लग्नी की रस्में आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास, पूर्व सांसद अजय चौटाला, चरखी दादरी विधायक सुनील सांगवान और भिवानी सांसद धर्मवीर सिंह सहित कई प्रमुख लोगों ने शिरकत की। इस दौरान पंचकूला के ADC विवेक आर्य स्वयं मेहमानों का स्वागत करते नजर आए। शादी समारोह को लेकर दोनों परिवारों में उत्साह का माहौल है।
## कौन हैं IAS विवेक आर्य? विवेक आर्य मूल रूप से हरियाणा के चरखी दादरी जिले के गांव गोपी के रहने वाले हैं। उनके परिवार का बाढड़ा कस्बे में पिछले करीब 50 वर्षों से खाद-बीज का व्यवसाय है। उनके पिता विरेंद्र सिंह आर्य स्पेयर पार्ट्स का कारोबार करते हैं, जबकि उनके बड़े भाई वर्ष 2018 में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने थे। ### सैनिक स्कूल से दिल्ली विश्वविद्यालय तक की पढ़ाई विवेक आर्य ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई सैनिक स्कूल कुंजपुरा से की। इसके बाद चंडीगढ़ के DAV कॉलेज से रिकॉर्ड अंकों के साथ BA की डिग्री हासिल की और दिल्ली विश्वविद्यालय में भी अध्ययन किया। ### UPSC में हासिल की 131वीं रैंक विवेक आर्य ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 131वीं रैंक हासिल की। उनकी सफलता का सफर काफी दिलचस्प रहा। UPSC परिणाम से करीब 10 दिन पहले उनका चयन CDS के माध्यम से सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर हुआ था। वहीं, परिणाम वाले दिन सुबह उनका चयन डिप्टी कमांडेंट के पद पर भी हुआ था। ## कौन हैं IPS अदिति सिंह? IPS अदिति सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के शिवलोकपुरी, कंकरखेड़ा की रहने वाली हैं। उनके पिता डॉ. संजीव सिंह MD फिजिशियन हैं, जबकि उनकी माता ज्योति सिंह मेरठ कलक्ट्रेट में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं। ### कंप्यूटर साइंस में किया BTech अदिति सिंह की स्कूली शिक्षा मेरठ के सोफिया गर्ल्स स्कूल से हुई। उन्होंने वर्ष 2013 में 12वीं की परीक्षा पास की। इसके बाद वर्ष 2017 में गाजियाबाद के अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में BTech की डिग्री हासिल की। उन्होंने दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी की और कोविड काल में घर पर रहकर भी अपनी पढ़ाई जारी रखी। ### UPSC से पहले UPPCS में हुआ चयन अदिति सिंह ने UPPCS-2020 में 54वीं रैंक हासिल कर SDM पद के लिए चयन प्राप्त किया था। इसके बाद UPSC सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 679वीं रैंक हासिल कर IPS बनीं। पढ़ाई के अलावा अदिति कॉलेज की वॉलीबॉल टीम की कप्तान भी रह चुकी हैं। उन्हें योग, दौड़ और किताबें पढ़ने का शौक है। ## शादी के बाद बदला कैडर, पंचकूला में मिली पोस्टिंग UPSC में चयन के बाद IPS अदिति सिंह को शुरुआत में हिमाचल प्रदेश कैडर आवंटित हुआ था। लेकिन हरियाणा कैडर के IAS अधिकारी विवेक आर्य से शादी तय होने के बाद अंतर-कैडर स्थानांतरण के तहत उन्हें हरियाणा कैडर मिल गया। इसके बाद दोनों अधिकारियों की नियुक्ति पंचकूला जिले में हुई। इस तरह एक ही जिले में IAS और IPS अधिकारी के रूप में दोनों प्रशासनिक और पुलिस जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। IAS विवेक आर्य और IPS अदिति सिंह की शादी युवा अधिकारियों की सफलता, मेहनत और एक खास रिश्ते की कहानी के रूप में चर्चा में है। ##

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles