हरियाणा में महिलाओं के नाम पर कार खरीदना होगा सस्ता! गाड़ी की खरीद पर मिलेगी हजारों रुपये की छूट, जानें पूरा फायदा

हरियाणा में महिलाओं के नाम पर कार खरीदना होगा सस्ता! गाड़ी की खरीद पर मिलेगी हजारों रुपये की छूट, जानें पूरा फायदा
 

<strong>Chandigarh। </strong>हरियाणा में अब महिलाओं के नाम पर कार या बाइक खरीदना सस्ता हो गया है। सरकार ने महिलाओं को वाहन खरीदने के लिए प्रेरित करने के लिए मोटर वाहन टैक्स में 1 फीसदी की छूट देने का फैसला लागू कर दिया है।

इसके तहत, अगर 20 लाख रुपये तक की एक्स-शोरूम कीमत वाला नया गैर-परिवहन वाहन महिलाओं के नाम पर खरीदा जाता है और हरियाणा में रजिस्टर कराया जाता है, तो उन्हें इस टैक्स में यह छूट मिलेगी।

परिवहन विभाग द्वारा इस संबंध में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में 28 जुलाई को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई थी। अब हरियाणा मोटर वाहन कराधान अधिनियम, 2016 के तहत जारी 29 सितंबर, 2017 की अधिसूचना में संशोधन कर इसे नियमों का हिस्सा बनाया गया है।

<strong>हरियाणा सरकार ने महिलाओं को दी राहत</strong>

बता दें कि हरियाणा सरकार के इस फैसले से महिलाओं को वाहन की एक्स-शोरूम कीमत के एक प्रतिशत के बराबर मोटर वाहन कर में राहत दी जाएगी। उदाहरण के तौर पर, 10 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत वाली कार खरीदने पर 10 हजार रुपये और 20 लाख रुपये की कार पर 20 हजार रुपये की छूट दी जा रही है।

यह राहत पंजीकरण के समय देय मोटर वाहन कर में मिलेगी, न कि वाहन की कुल आन-रोड कीमत पर। बीमा और अन्य खर्च इस गणना का हिस्सा नहीं होंगे।

<strong>ये वाहन आएंगे दायरे में</strong>

अधिसूचना की मानें तो, इस रियायत का लाभ केवल महिलाओं के नाम पर खरीदे और हरियाणा में पंजीकृत होने वाले नए गैर-परिवहन वाहनों पर मिलेगा। यानी निजी उपयोग की कार और दोपहिया वाहन इसके दायरे में आएंगे। 20 लाख रुपये से अधिक एक्स-शोरूम कीमत वाले वाहनों और व्यावसायिक वाहनों को इस विशेष छूट का लाभ नहीं मिलेगा।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles