स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के नाम पर सड़क का नामकरण, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया लोकार्पण

स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के नाम पर सड़क का नामकरण, कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया लोकार्पण
 

आजादी के महानायकों का त्याग और बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता, आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा उनका संघर्ष : डॉ. अरविंद शर्मा

स्वतंत्रता सेनानियों की गौरवशाली विरासत को सहेजना और उनके सपनों का भारत बनाना हम सभी का दायित्व : डॉ. अरविंद शर्मा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और विरासत के संरक्षण को मिल रही प्राथमिकता

बहादुरगढ़, 20 अक्टूबर।

हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने मंगलवार को बहादुरगढ़ के गांव टांडा हेड़ी में महान स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के नाम पर सड़क का नामकरण किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग, तपस्या और बलिदान भारत के इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। आज हम जिस स्वतंत्र और सशक्त भारत में सांस ले रहे हैं, उसकी नींव हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने संघर्ष और बलिदान से रखी थी। ऐसे महान सपूतों का सम्मान करना केवल हमारा कर्तव्य ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है, उन्होंने गांव स्थित मंदिर में भी पूजा अर्चना की।

कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नाम पर सड़क का नामकरण करना उनके संघर्ष, देशभक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अब इस सड़क से गुजरने वाला प्रत्येक व्यक्ति स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के योगदान को याद करेगा। विशेष रूप से युवा पीढ़ी को यह जानने और समझने का अवसर मिलेगा कि देश को आजादी दिलाने के लिए हमारे पूर्वजों ने कितने संघर्ष किए और कितनी कुर्बानियां दीं।

स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी : डॉ. अरविंद शर्मा

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान केवल समारोह आयोजित करने या स्मारक बनाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों, विचारों और राष्ट्रसेवा की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना जरूरी है। स्वतंत्रता सेनानियों ने जाति, धर्म और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। उनका जीवन हमें एकता, भाईचारे, देशप्रेम और समाजसेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में महापुरुषों की विरासत को मिल रहा सम्मान

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपने स्वतंत्रता सेनानियों और महापुरुषों की गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और उनके योगदान को चिरस्थायी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में हमें उन सभी ज्ञात-अज्ञात सेनानियों को याद करना चाहिए, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता, जनभावनाओं का रखा जाएगा सम्मान

डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गांवों की पहचान केवल उनके विकास कार्यों से नहीं, बल्कि उनके गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और महान विभूतियों से भी होती है। स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के नाम पर सड़क का नामकरण इसी गौरवशाली इतिहास को सम्मान देने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को भी सुरक्षित रखना है। स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को जीवित रखना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने इतिहास और महान पूर्वजों के योगदान से परिचित हो सकें। आयोजित कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी चौधरी हजारीलाल के योगदान को याद किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने ग्रामीणों से स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को आत्मसात करने और समाज में एकता, भाईचारे तथा राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। इस अवसर पर कपूर सिंह दलाल, आजाद दलाल, रणधीर दलाल, धर्मपाल वशिष्ठ, संतराम शर्मा, भगत लाल सरपंच, कृष्णा नंबरदार, पंकज जैन, भीम सिंह प्रणामी, विनोद जून, कृष्ण भारद्वाज, देवेंद्र जून आदि उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles