फरीदाबाद: 10 करोड़ के टेंडर के बदले रिश्वत लेते पकड़ा गया जेई
फरीदाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के एक जूनियर इंजीनियर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई सुरेंद्र कुमार को 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। गुरुग्राम की एसीबी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम देने के लिए एक बेहद सुनियोजित जाल बिछाया था।
यह पूरा मामला सेक्टर-76 और 78 में भूमिगत बिजली केबल बिछाने के एक बड़े प्रोजेक्ट से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, इस काम के लिए करीब 10.50 करोड़ रुपये का टेंडर दिया गया था। शिकायतकर्ता की फर्म को इस प्रोजेक्ट के तहत अब तक 3.46 करोड़ रुपये की राशि भी जारी की जा चुकी थी। लेकिन जैसे ही काम आगे बढ़ा, जूनियर इंजीनियर सुरेंद्र कुमार की नीयत डोल गई और उसने काम के बदले कमीशन की मांग शुरू कर दी।
7 लाख रुपये की मांग और एसीबी का जाल
आरोप है कि जेई ने शिकायतकर्ता फर्म के संचालक से 2 प्रतिशत कमीशन के तौर पर कुल 7 लाख रुपये की मांग की थी। रिश्वत की इस मांग से परेशान होकर पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से कर दी। शिकायत की गंभीरता को देखते हुए एसीबी गुरुग्राम की टीम ने जाल बिछाने का फैसला किया।
इंस्पेक्टर जयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने पूरी तैयारी के साथ ट्रैप प्लान बनाया। जैसे ही जेई सुरेंद्र कुमार ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 3 लाख रुपये लिए, टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता ऋषभ भी एक राजपत्रित अधिकारी के रूप में मौजूद रहे ताकि कार्रवाई की पारदर्शिता बनी रहे।
