21 नवंबर को चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन

21 नवंबर को चेक बाउंस मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत का होगा आयोजन
 

**पक्षकार 20 नवंबर तक संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर आपसी समझौते के लिए प्रस्तुत कर सकते हैं अपने मामले

फरीदाबाद, 11 नवंबर।**

हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार 21 नवंबर 2026 को पूरे हरियाणा में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एन.आई. एक्ट) की धारा 138 के तहत चेक बाउंस से संबंधित मामलों का आपसी सहमति एवं समझौते के आधार पर निपटारा किया जाएगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जगदीप सिंह करेंगे। वहीं, इसका संचालन मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं प्राधिकरण के सचिव श्री जितेंद्र सिंह की देखरेख में किया जाएगा।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जितेंद्र सिंह ने बताया कि जिन व्यक्तियों के चेक बाउंस से संबंधित मामले विभिन्न न्यायालयों में लंबित हैं और वे अपने विवाद का समाधान आपसी सहमति से करवाना चाहते हैं, वे 20 नवंबर 2026 तक किसी भी कार्यदिवस पर अपने संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर अपने मामले को विशेष लोक अदालत में निपटारे के लिए प्रस्तुत कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि चेक बाउंस से संबंधित लंबित अपीलों को भी इस विशेष लोक अदालत में शामिल किया जाएगा, ताकि संबंधित पक्षकार आपसी समझौते के माध्यम से अपने विवादों का शीघ्र, सरल एवं सौहार्दपूर्ण समाधान कर सकें।

सीजेएम जितेंद्र सिंह ने चेक बाउंस से संबंधित मामलों में शामिल सभी पक्षकारों से अपील की कि वे इस विशेष लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने लंबित विवादों का समाधान करवाएं। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, फरीदाबाद के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं अथवा हेल्पलाइन नंबर 0129-2261898 पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles