खुशखबरी: रेलवे फाटक पर बार-बार रूकने का झंझट होगा खत्म, सिरसा समेत इन 3 जिलों में बनेंगे 5 नए अंडरपास
वाहन चालकों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है। यहां हिसार- भटिंडा रेलवे लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही के दौरान बार-बार फाटक पर ठहराव के परेशानी से बहुत जल्द छुटकारा मिलने जा रहा है। रेलवे ने इस परेशानी का स्थाई समाधान करने की रूपरेखा तैयार करते हुए 5 मैन्युअल रेलवे फाटकों पर अंडरब्रिज निर्माण की योजना बनाई है। इस प्रोजेक्ट पर लगभग साढ़े 34 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
<strong>बार-बार ठहराव की परेशानी होगी खत्म </strong>
इन पांचों जगहों पर रेलवे अंडरब्रिज निर्माण से सड़क यातायात को रेलवे ट्रैक से अलग रास्ते की सुविधा मिलेगी। ऐसे में ट्रेन के गुजरने के लिए फाटक बंद होने पर गाड़ियों की लंबी कतार लगने और लंबे समय तक इंतजार करने की परेशानी का स्थाई समाधान हो जाएगा।
वर्तमान में एक ही दिन में कई बार ट्रेनों के गुजरने से वाहन चालकों को लंबे समय तक रूकना पड़ता है जिसमें समय और ईंधन दोनों की बरबादी होती है। लेकिन अब अंडरब्रिज निर्माण से वाहन अंडरपास से होकर ट्रैक के नीचे से निकलते रहेंगे और ट्रेनें ऊपर रेलवे लाइन से गुजरती रहेगी।
<strong>हादसों पर लगेगा अंकुश </strong>
मैन्युअल रेलवे फाटकों पर सड़क और रेल यातायात एक ही स्तर पर होने के कारण सुरक्षा सबसे अहम होती है। फाटक बंद होने के बावजूद कई बार लोग जल्द निकलने के प्रयास में जोखिम उठा लेते हैं। ऐसे में अंडरब्रिज निर्माण से सड़क यातायात रेलवे ट्रैक से अलग हो जाएगा। इससे ट्रैक पार करने के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं का खतरा कम करने में मदद मिलेगी। लाइन क्रॉस करने का समय भी बचेगा।
<strong>इन जगहों पर बनेंगे अंडरपास </strong>
हिसार- भटिंडा रेलवे लाइन पर जिन मैन्युअल रेलवे फाटकों पर अंडरब्रिज का निर्माण किया जाएगा उनमें फाटक नंबर- 102 न्यौली कलां रेलवे स्टेशन के पास स्थित है। इसके अलावा फाटक नंबर- 118 सूली खेड़ा और आदमपुर के बीच पड़ता है। वहीं, फाटक नंबर- 134, 125 और 138 सिरसा क्षेत्र में स्थित हैं।
