20 लाख रुपये की साइबर ठगी मामले में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी काबू,

20 लाख रुपये की साइबर ठगी मामले में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस की कार्रवाई, चार आरोपी काबू,
 

फतेहाबाद, 08 अक्टूबर योगेश खनेजा 

 थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद पुलिस ने कारोबारी के बिजनेस पार्टनर की फर्जी ईमेल आईडी बनाकर 20 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान वरुण पटेल पुत्र कृष्ण पाल निवासी खिचड़ीपुर, पटपड़गंज, पूर्वी दिल्ली, शहनवाज पुत्र नवाब खान निवासी खिचड़ीपुर, पटपड़गंज, पूर्वी दिल्ली, कुसुम पत्नी मोनू कुमार निवासी कृष्णा नगर, पूर्वी दिल्ली तथा वसीम खान पुत्र वाहिद खान निवासी जगजीत नगर, शास्त्री पार्क, पूर्वी दिल्ली के रूप में हुई है।

         थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि टोहाना की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी विनय जैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी सिम्बलवाला रोड, टोहाना में सनमाइका की फैक्ट्री है। वह कच्चे माल की खरीद के लिए अहमदाबाद व मुंबई स्थित एक कंपनी के संपर्क में रहता था। दोनों के बीच व्यापारिक लेन-देन और माल की आपूर्ति संबंधी बातचीत ईमेल के माध्यम से होती थी।

         शिकायतकर्ता के अनुसार, अगस्त 2026 में उसे बिजनेस पार्टनर की मिलती-जुलती ईमेल आईडी से संदेश प्राप्त हुए, जिनमें कच्चे माल की पेमेंट के लिए बैंक खाता बदलने की जानकारी दी गई। इन ईमेल पर विश्वास करके उसने 02 सितंबर को 10 लाख रुपये तथा 03 सितंबर को 10 लाख रुपये, कुल 20 लाख रुपये बताए गए बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए।

          इसके बाद दोबारा बैंक खाता बदलने संबंधी ईमेल आने पर उसे संदेह हुआ। जब उसने संबंधित कंपनी से संपर्क किया तो पता चला कि कंपनी ने अपना बैंक खाता नहीं बदला था। इस प्रकार अज्ञात साइबर ठगों ने फर्जी ईमेल के माध्यम से उससे 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली।

        इस संबंध में थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में अभियोग संख्या 62 दिनांक 05.09.2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

        थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए चारों आरोपियों को काबू किया है। मामले में अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

        फतेहाबाद पुलिस ने कारोबारियों से अपील की है कि ईमेल के माध्यम से बैंक खाता बदलने संबंधी निर्देश मिलने पर भुगतान करने से पहले संबंधित कंपनी से उसके आधिकारिक फोन नंबर पर पुष्टि अवश्य करें।

About the Author

योगेश खनेजा
योगेश खनेजा

9447 Articles