फतेहाबाद के जाखल में बेकाबू ट्रक गोल्ड लोन ब्रांच में घुसा, नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

फतेहाबाद जिले के जाखल में चंडीगढ़-बुढलाडा मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित मुथूट गोल्ड लोन ब्रांच की मुख्य इमारत में जा घुसा।
 

<strong>फतेहाबाद (हरियाणा): </strong>फतेहाबाद जिले के जाखल में चंडीगढ़-बुढलाडा मार्ग पर सोमवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहाँ एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित मुथूट गोल्ड लोन ब्रांच की मुख्य इमारत में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शाखा का मुख्य गेट और दीवार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान या जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं।

<strong>तड़के हुआ हादसा, मची अफरा-तफरी</strong>

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक पंजाब के पातड़ां का बताया जा रहा है। चालक बुढलाडा में सामान की डिलीवरी देकर वापस लौट रहा था। जाखल पहुँचने पर तड़के अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे वाहन पर से उसका संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार ट्रक सीधे बैंक ब्रांच के मुख्य दरवाजे से जा टकराया। तड़के हुए इस जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

<strong>जनहानि से बचाव, नुकसान की जांच जारी</strong>

घटना के समय दुकान/ब्रांच बंद होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी राहगीर या कर्मचारी को नुकसान नहीं पहुँचा। हादसे के बाद शाखा प्रबंधन और कर्मचारियों ने नुकसान का आकलन करने के लिए अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। उधर मामले की जानकारी देते हुए जाखल थाना प्रभारी बलराज सिंह ने बताया कि पुलिस को फिलहाल इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। बैंक प्रबंधन की ओर से शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस नियमानुसार कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles