जाखल नई बस्ती: 672 मतदाता आर-पार की लड़ाई पर

जाखल नई बस्ती के 672 मतदाता 8 साल से पंचायत मांग रहे हैं। बैठक में 15 सदस्यीय कमेटी बनी, धरने की चेतावनी। जानें क्या हुआ।
 

अब मांगपत्र नहीं, आर-पार की लड़ाई’, नई बस्ती के 672 मतदाताओं ने खोला मोर्चा

2017 से पंचायत की तलाश में भटक रहे लोग बोले—आठ साल में किसी ने नहीं सुना दर्द, अब सड़क पर उतरना पड़ा तो प्रशासन होगा जिम्मेदार

बैठक में 15 सदस्यीय कमेटी गठित, समाधान नहीं हुआ तो जाखल मंडी के मुख्य रास्ते पर धरने की चेतावनी

<strong>जाखल /23 सितम्बर 2026 /योगेश खनेजा /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स</strong>

आठ साल से एक ही सवाल... आखिर हम किसके हैं? यह सवाल अब जाखल की नई बस्ती के 672 मतदाताओं के सब्र का बांध तोड़ने लगा है। कभी ग्राम पंचायत में शामिल रहे इन लोगों को वर्ष 2017 के बाद से पंचायत व्यवस्था से बाहर होने का दावा करते हुए बस्तीवासी लगातार अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रहे हैं। मांगपत्र दिए, अधिकारियों से गुहार लगाई और बार-बार अपनी समस्या बताई, लेकिन बस्तीवासियों के अनुसार समाधान के नाम पर उन्हें अब तक केवल इंतजार मिला।

अब यह इंतजार खत्म करने का फैसला लिया गया है।

नई बस्ती में हुई बैठक में लोगों ने स्पष्ट कर दिया कि अब वे केवल मांगपत्र देकर घर नहीं बैठेंगे। उनकी मांग पर जल्द ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को सड़क तक ले जाया जाएगा। इसी बैठक में आंदोलन और आगामी रणनीति के लिए 15 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।

बस्तीवासियों ने कहा कि प्रशासन ने समय रहते उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो अगली बैठक में आंदोलन का बड़ा फैसला लिया जाएगा। बैठक में जाखल मंडी के एकमात्र प्रमुख रास्ते, अंडरब्रिज के पास गुरुद्वारा बस्ती मार्ग पर धरना देने का प्रस्ताव भी सामने आया। लोगों ने कहा कि यदि उन्हें रास्ता रोककर अपनी आवाज बुलंद करने की स्थिति में पहुंचना पड़ा तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

आठ साल का इंतजार अब गुस्से में बदल रहा

बस्तीवासियों का कहना है कि वर्ष 2017 से वे लगातार अपनी प्रशासनिक पहचान को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांग है कि नई बस्ती के 672 मतदाताओं को ग्राम पंचायत जाखल गांव में शामिल किया जाए अथवा अलग ग्राम पंचायत का दर्जा दिया जाए।

लोगों का कहना है कि इतने लंबे समय में कई अधिकारियों को मांगपत्र दिए गए, लेकिन उन्हें यह तक स्पष्ट नहीं किया गया कि आखिर उनकी समस्या का समाधान कब और कैसे होगा।

बैठक में लोगों ने कहा कि “आठ साल कोई छोटा समय नहीं होता। एक बच्चे का जीवन बदल जाता है, परिवारों की पीढ़ियां बदल जाती हैं, लेकिन हमारी समस्या वहीं की वहीं है।

गलियां अंधेरे में, सफाई व्यवस्था पर सवाल

बस्तीवासियों ने केवल पंचायत की पहचान का मुद्दा ही नहीं उठाया, बल्कि इलाके में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति को लेकर भी रोष जताया।

लोगों के अनुसार कई गलियों में अंधेरा रहता है। सफाई व्यवस्था को लेकर परेशानी है और गलियों की हालत भी संतोषजनक नहीं है। उनका आरोप है कि जब क्षेत्र की प्रशासनिक स्थिति ही स्पष्ट नहीं है तो मूलभूत सुविधाओं को लेकर जिम्मेदारी भी प्रभावी तरीके से तय नहीं हो पा रही।

बैठक में कुछ लोग भावुक भी नजर आए। उनका कहना था कि “हमने क्या अपराध किया है कि वर्षों से अपनी ही बस्ती में बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है?

अधिकारी कार्यालयों में बैठे रहे, हम बस्ती में परेशान होते रहे’

बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि उनकी समस्या को मौके पर आकर समझने का गंभीर प्रयास नहीं हुआ। उनका कहना है कि यदि अधिकारी कभी बस्ती में आकर लोगों की स्थिति देखें तो उन्हें कागजों पर लिखी शिकायत और जमीन पर मौजूद वास्तविकता के बीच का अंतर खुद दिखाई देगा।

लोगों ने कहा कि वे किसी से टकराव नहीं चाहते। वे चाहते हैं कि प्रशासन उनकी बात सुने और कोई स्पष्ट निर्णय करे। लेकिन लगातार अनदेखी होने से अब लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।

आश्वासन मिला तो आंदोलन रुकेगा, टालमटोल हुई तो बढ़ेगा’

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रशासन की ओर से जल्द कोई ठोस आश्वासन या कार्रवाई सामने नहीं आती है तो अगली बैठक बुलाकर आंदोलन की तारीख और स्वरूप पर निर्णय लिया जाएगा।

बस्तीवासियों ने कहा कि वे पहले भी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखते रहे हैं और आगे भी समाधान के लिए बातचीत का रास्ता खुला है। लेकिन अब केवल आश्वासन के आधार पर आंदोलन को रोकने का फैसला नहीं लिया जाएगा।

लोगों ने दो टूक कहा—‘हमें अब कागज नहीं, अधिकार चाहिए।

15 सदस्यीय कमेटी करेगी अगली रणनीति तय

नई बस्ती की बैठक में आंदोलन की अगली रणनीति के लिए 15 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी प्रशासन से बातचीत के साथ-साथ आगामी आंदोलन की दिशा तय करेगी।

कमेटी के सदस्य : जगसीर सिंह, हरिचंद गर्ग, पिंटू, विष्णु शर्मा, बिराराम, जरनैल सिंह शालू, रामगोपाल, जन्टा सिंह, उजागर सिंह, सुखपाल शर्मा, विक्की सिंह, पूर्व पार्षद विक्रमजीत सिंह, बिहारी सिंह, सतीश शर्मा व अजय सिंह

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles