जाखल: दीपावली बीत गई, पर राशन के लिए अब भी भटक रहे गरीब
दीपावली बीत गई, लेकिन गरीब परिवारों को नहीं मिला राशन और सरसों का तेल; डिपो के चक्कर काटने में मजबूर उपभोक्ता
आधा महीना बीतने के बाद भी वितरण का इंतजार, त्योहार पर फीकी रही गरीबों की दिवाली
सरकार गरीब और जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन उपलब्ध करवाती है, लेकिन जाखल क्षेत्र में राशन वितरण में हो रही देरी ने इस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दीपावली का त्योहार बीत गया, लेकिन कई राशन कार्ड धारकों को अब तक डिपो से मिलने वाला सरसों का तेल और निर्धारित राशन नहीं मिल पाया। नतीजतन, जिन परिवारों को त्योहार से पहले सरकारी राशन मिलने की उम्मीद थी, उन्हें निराशा हाथ लगी और उनकी दीपावली फीकी रही। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी उन्हें राशन के लिए डिपो के चक्कर काटने पड़े। लोगों को उम्मीद थी कि त्योहार से पहले गेहूं और सरसों का तेल मिल जाएगा, जिससे घर की जरूरतें पूरी करने के साथ दीपावली की खुशियां भी बेहतर तरीके से मना सकेंगे। कुछ उपभोक्ताओं ने तो यह तक कहा कि यदि समय पर सरसों का तेल मिल जाता तो वे उसी तेल से दीपक जलाकर त्योहार मना सकते थे, लेकिन विभागीय व्यवस्था में देरी के चलते उनकी उम्मीदें पूरी नहीं हुईं।
मशीन बंद रहने से प्रभावित हुआ राशन वितरण
उपभोक्ताओं के अनुसार महीने का आधा समय बीतने के बावजूद राशन वितरण को लेकर असमंजस बना हुआ है। बता दे की इस महीने अभी तक राशन वितरण का कार्य शुरू नही है। इससे दिहाड़ी मजदूरों और गरीब परिवारों को बार-बार डिपो के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। लोगों का सवाल है कि जब सरकार की ओर से राशन वितरण के लिए व्यवस्था बनाई गई है तो फिर त्योहार के समय इसकी तैयारियां पहले से क्यों नहीं की गईं?
अधिकारियों के आश्वासन और उपभोक्ताओं की परेशानी में कितना अंतर
इस मामले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी कुशल बुरा ने कहा कि अभी महीने की 12 तारीख हुई है और पूरे महीने राशन वितरण किया जाना है। उन्होंने उपभोक्ताओं से चिंता नहीं करने की बात कही। हालांकि, उपभोक्ताओं का कहना है कि सवाल केवल पूरे महीने राशन बांटने का नहीं, बल्कि त्योहार के समय जरूरतमंद परिवारों को समय पर राशन उपलब्ध करवाने का भी है। जब दीपावली बीत चुकी है तो त्योहार के लिए मिलने वाले राशन का इंतजार करने वाले परिवारों की परेशानी को भी समझना जरूरी है।
उपभोक्ताओं ने उठाई जवाबदेही तय करने की मांग
लोगों ने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि सभी राशन डिपो पर गेहूं, सरसों का तेल और अन्य निर्धारित सामान जल्द उपलब्ध करवाया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मशीनों की तकनीकी खराबी या विभागीय देरी का खामियाजा गरीब परिवारों को न भुगतना पड़े। उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि यदि राशन वितरण पूरे महीने होना है तो इसकी सूचना समय पर क्यों नहीं दी जाती, ताकि लोगों को बार-बार डिपो के चक्कर न लगाने पड़ें। अब देखना होगा कि विभाग का आश्वासन जमीनी स्तर पर कब तक अमल में आता है और जरूरतमंद परिवारों को उनका हक कब मिलता है।
